मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर घिरे पूर्व मंत्री राउत
बीजू जनता दल (बीजद) से निष्कासित पूर्व मंत्री डॉ. दामोदर राउत मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवाद में घिर गए हैं।
जासं, कटक : बीजू जनता दल (बीजद) से निष्कासित पूर्व मंत्री डॉ. दामोदर राउत मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवाद में घिर गए हैं। डॉ. राउत ने गुरुवार को कटक के कॉलेज चौक में आयोजित एक सभा में मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर ओडिशा सुरक्षा सेना ने मालगोदाम थाना में एफआइआर दर्ज करायी है। ओडिशा सुरक्षा सेना, कटक की ओर से आरोप लगाया है कि पारादीप के विधायक डॉ. दामोदर राउत ने सभा में मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार का खलनायक बताया है। कानून के तहत एक आमसभा में इस तरह की बयानबाजी नहीं की जा सकती है। इस तरह की बयानबाजी जनतंत्र व संविधान के खिलाफ है। सेना के राज्य महासचिव सत्यव्रत पंडा, सेना के कानून सेल के मुख्य अरुण कुमार नायक आदि सदस्यों ने यह आरोप लगाया है।