कटक की दो प्रमुख मस्जिद कदम रसूल एवं ईदगाह को भी नुकसान
चक्रवात फणि के तांडव से शहर की दो प्रमुख मस्जिद कदम रसूल एवं ईदगाह भी नहीं बच पायी।
जासं, कटक : चक्रवात फणि के तांडव से शहर की दो प्रमुख मस्जिद, कदम रसूल एवं ईदगाह भी नहीं बच पायी। दरघा बाजार में मौजूद कदम रसूल मस्जिद के प्रवेश द्वार पर लगे एसबेस्टस को तूफान ने तोड़ दिया है जबकि मस्जिद के इर्दगिर्द लगाए गए टीन शेड उड़ गए हैं। मस्जिद परिसर में मौजूद बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए हैं। इससे कब्रिस्तान का रास्ता बंद हो गया है। ऐसे में लोगों को कफन देने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। मस्जिद के अंदर भारी नुकसान के कारण नमाज अदा करने में भी लोगों को दिक्कत हो रही है। रमजान महीना चलने से रोजेदारों को नमाज अदा करने में भी मुश्किल होने की बात इमाम सैयद शदरुददीन ने कही है। उन्होंने ईद से पहले मस्जिद के मरम्मत कार्य को पूरा करने को सरकार से अनुरोध किया है। इसी तरह सतीचौरा चौक में मौजूद ईदगाह मैदान में 200 साल पुराना एक पेड़ गिरने से मस्जिद का प्रवेश द्वार बंद गया था। ईद को महज कुछ दिन बाकी रहने से ईदगाह कमेटी की चिता बढ़ गई है। ईद के दिन यहां हजारों की संख्या में लोग नमाज अदा करते हैं। ऐसे में जल्द से जल्द पेड़ को हटाने के लिए मांग की गई है। हालांकि स्थानीय कुछ युवक अपने खर्चे से कटर मशीन खरीदकर पेड़ को काटकर हटाने का काम कर रहे हैं। ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष रमजान खान एवं सचिव मुकीम खान के अनुसार, चक्रवात फणि के चलते ईदगाह मस्जिद को काफी नुकसान पहुंचा है। ऊजू खान उजड़ गया है। परिसर की सफाई करने के लिए एनडीआरएफ एवं दमकल विभाग का इंतजार करते तो ईद से पहले यह कार्य नहीं हो पाता है। ईदगाह परिसर में सफाई कार्य चल रहा है जल्द ही वहां स्थिति सामान्य हो जाएगी।
सफाई कार्य युद्धस्तर पर जारी
चक्रवात फणि से कटक में भी भारी तबाही हुई थी। पेड़ गिरने के साथ विभिन्न जगहों पर टीन शेड उड़ गए थे। ऐसे में शहर के विभिन्न जगहों पर अभी पेड़ों टहनियां देखी जा सकती हैं। इन टहनियों व कचरा को हटाने में कटक नगर निगम के कर्मचारी लगे हुए हैं। सीएमसी कमिश्नर शरत चन्द्र नायक ने बताया तेजी से शहर में सफाई का काम चल रहा है। दमकल विभाग एवं एनडीआरएफ की टीम पेड़ों को काटकर हटा रही है। इसे ट्रैक्टर के जरिए डंपिंग यार्ड में डाला जा रहा है। सीएमसी क्षेत्र में सफाई में काफी हद तक सुधार आ चुका है। जल्द ही पूरी तरह से स्थिति सामान्य हो जाएगी। शहर के बारबाटी किला, सत्यव्रत स्टेडियम परिसर में गिरने वाले पेड़ों की कटाई जारी है। यहां पर ज्यादा पेड़ गिरने से इस इलाके में अभी एक-दो दिन का समय साफ-सफाई में लगेगा। इसी तरह शहर के अन्य जगहों पर पेड़ों को रास्ते से हटाने का कार्य तीन मई से चल रहा है।
शिक्षण संस्थानों की साफ-सफाई में जुटी अभाविप
भुवनेश्वर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के छात्रों नें उत्कल विश्व विद्यालय परिसर, वाणीविहार में सफाई अभियान शुरू किया है। परिषद के राज्य संपादक शशिकांत मिश्र के अनुसार, चक्रवात फणि के कारण उत्कल विवि परिसर में तमाम पेड़ उखड़ गए थे। इसके मद्देनजर अभाविप ने परिसर की साफ-सफाई करने का संकल्प करते हुए अभियान शुरू किया है। परिषद के राष्ट्रीय सपांदक अभिलाष पंडा, राज्य विश्व विद्यालय प्रमुख प्रियंका प्रियदर्शनी मल्लिक की मौजूदगी में शुरू यह अभियान आगामी 17 मई तक चलेगा। अभाविप कार्यकर्ता पेड़ों की टहनियों को काटकर परिसर की सफाई में जुटे हैं। यहां कार्य पूरा होने के बाद अन्य शिक्षानुष्ठानों में भी अभाविप की ओर से सफाई की जाएगी।