कटक में पुलिस के साथ एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
कटक कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार देर रात मालगोदाम थाना क्षेत्र में
जागरण संवाददाता, कटक : कटक कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार देर रात मालगोदाम थाना क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी तपन नायक को गिरफ्तार कर लिया। वह पुलिस की मोस्टवांटेड सूची में शामिल था। एनकाउंटर के दौरान वह पुलिस की गोली से घायल हो गया है। उसे श्रीरामचन्द्र भंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया है। गोली उसकी बायी जांघ में लगी है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है। उसके ऊपर मालगोदाम व जगतपुर थाना क्षेत्र इलाके में बम फेंकने, हत्या व लूट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। यह जानकारी पुलिस सूत्रों ने दी है।
खबर के मुताबिक शुक्रवार देर रात जोब्रा नदीकुल तलसाही इलाके के कुख्यात तपन के बारे में मालगोदाम थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। तपन उस समय शिखरपुर कालियागोदा में महानदी के किनारे मौजूद विश्व गुरु ला कॉलेज व कमलाकांत हाईस्कूल के पीछे वाले इलाके में मौजूद था। सूचना मिलने के बाद मालगोदाम थाना के इंस्पेक्टर देवी प्रसाद पात्र की अगुवाई में एक टीम ने छापामारी की। पुलिस को देख तपन ने गोली चला दी। पुलिस ने भी अपने बचाव में फाय¨रग की। एक गोली तपन की बायी जांघ में जा लगी। इससे वह घायल हो गया और उसे धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी बंदूक, एक गोली व एक खोखा जब्त किया गया। घायल तपन को पुलिस श्रीरामचन्द्र भंज मेडिकल के आपातकालीन विभाग ले गई। वहां इलाज कराने के बाद अर्थोपेडिक वार्ड में भेज दिया गया है। वार्ड में उसकी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
एसीपी त्रिनाथ मिश्र ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा है कि वह एक पेशेवर अपराधी है। उसके नाम पर मालगोदाम व जगतपुर थाना इलाके में कुल 15 मामले दर्ज है। केवल मालगोदाम थाना में रंगदारी, लूट, बमबाजी, डकैती, हत्या प्रयास आदि के 14 मामले दायर किए गए हैं। शुक्रवार देर रात तपन अपने अन्य दो साथियों का इंतजार कर रहा था। उसे किसी वारदात को अंजाम देना था। पिछले 5 दिसंबर को तपन अपने साथी के साथ रंगदारी की मांग करते हुए मोटरसाइकिल के शो रूम पर बम फेंककर फरार हो गया था। मालगोदाम पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।