कटक में किसान नेता राकेश टिकैत पर हमले का प्रयास
ओडिशा के जाजपुर जिले के चंडीखोल में किसान महापंचायत को संबोधित कर लौट रहे किसान नेता राकेश टिकैत एवं उनके समर्थकों पर शुक्रवार को कटक स्थित एक गुरुद्वारा के सामने हमला करने का प्रयास किया गया है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा के जाजपुर जिले के चंडीखोल में किसान महापंचायत को संबोधित कर लौट रहे किसान नेता राकेश टिकैत एवं उनके समर्थकों पर शुक्रवार को कटक स्थित एक गुरुद्वारा के सामने हमला करने का प्रयास किया गया है। हालांकि किसान नेता राकेश टिकैत पूरी तरह से सुरक्षित हैं। लेकिन इस घटना के बाद करीब आधे घंटे तक गुरुद्वारा के सामने उत्तेजना का माहौल बना रहा। इसकी सूचना मिलते ही मालगोदाम थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। देव सेना के एक सदस्य अविनाश महांती को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, राकेश टिकैत गुरुद्वारा से दर्शन कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान देव सेना के कार्यकर्ता उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगे। देव सेना कार्यकर्ताओं ने टिकैत की गाड़ी पर पथराव भी किया। टिकैत के पोस्टर भी फाड़ने की बात सामने आयी है।
उल्लेखनीय है कि जाजपुर जिले के चंडीखोल में नव निर्माण किसान संगठन की तरफ से आयोजित महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान भाग लिए थे। किसान नेता यहां पर एकत्र होकर शक्ति प्रदर्शन किया है। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक अक्षय कुमार के नेतृत्व में किसान नेता राकेश टिकैत, गुरुनाम सिंह चंदुनी, कांग्रेस विधायक मोहम्मद मुकीम एवं रवि दास प्रमुख इसमें शामिल हुए और केंद्र सरकार के काले कृषि कानून का विरोध किए। इस मौके पर किसान नेताओं ने कहा कि काला कानून वापस ना लिए जाने तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। इस महापंचायत में राज्य के सभी 30 जिला से पांच हजार से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया।