Weather Forecast: ओडिशा में 13 अक्टूबर तक 5 जिलों में येलो तो 9 जिलों में आरेंज अलर्ट जारी
Weather Forecast ओडिशा के 14 जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है विशेष राहत आयुक्त ने भी इस संबंध में 13 जिलों के जिलाधीशों को पत्र लिख सतर्क रहने के लिए कहा है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। पश्चिम केन्द्रीय बंगोप सागर में सक्रिय वेलमार्क क्षेत्र अब अवपात में तब्दील हो गया है। यह अगले कुछ ही घंटे में और सक्रिय हो जाएगा और गहरे अवपात में तब्दील होने की सम्भावना मौसम विभाग की तरफ से जतायी गई है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक यह अवपात विशाखपट्न से 310 किमी. दक्षिण पूर्व दिशा में है। आज मध्यरात्रि तक यह विशाखापट्टनम एवं नर्सापुर के बीच से गुजर सकता है। वर्तमान समय में प्रति घंटा 4 किमी. की रफ्तार से यह गति कर रहा है। इसके प्रभाव से ओडिशा के अधिकांश जिलों में 13 अक्टूबर तक भारी बारिश होने की सम्भावना है। इसके लिए आज सुबह 8 बजे से ही 5 जिले के लिए येलो चेतावनी जारी कर दी गई है। 13 अक्टूबर सुबह तक पांच जिलों के लिए आरेंज चेतावनी एवं 9 जिलों के लिए येलो चेतावनी मौसम विभाग ने जारी किया है। जिन जिलों के लिए चेतावानी जारी की गई है, उन जिलों में भारी बारिश होने की सम्भावना है।
कम दबाव के प्रभाव से दक्षिण ओडिशा में आज हवा की रफ्तार 40 से 45 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से प्रवाहित हो रही थी। वहीं राज्य में बारिशी की संभावना को देखते हुए विशेष राहत आयुक्त संभावित जिलों के जिलाधीश को सतर्क रहने के लिए पत्र लिखा है। मालकानगिरी, रायगड़ा, कोरापुट, गजपति, गंजाम, नवरंगपुर, कंधमाल, नुआपड़ा, पुरी, नयागड़, खुर्दा, जगतसिंहपुर, केन्द्रापड़ा, कटक एवं भद्रक जिले के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है।