ओडिशा में तेजी से फैल रहा टोमैटो फ्लू, 26 बच्चे संक्रमित
कोरोना महामारी के बाद ओडिशा में बच्चों के बीच हैंड फुट एंउ माउथ डिजीज अर्थात टोमैटो फ्लू के लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
ओडिशा में तेजी से फैल रहा टोमैटो फ्लू, 26 बच्चे संक्रमित
जासं, भुवनेश्वर : कोरोना महामारी के बाद ओडिशा में बच्चों के बीच हैंड फुट एंउ माउथ डिजीज (एचएफएमडी) अर्थात टोमैटो (टमाटर) फ्लू के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। यह बीमारी मुख्य रूप से छोटे-छोटे बच्चों में हो रही है। अब तक प्रदेश में 26 बच्चे इसकी चपेट में आ चुके हैं। सभी बच्चों की उम्र पांच साल से कम है, यह जानकारी राज्य स्वास्थ्य निदेशक विजय महापात्र ने दी है। स्वास्थ्य निदेशक महापात्र ने कहा है कि इस बीमारी का प्राथमिक लक्षण बुखार होना है। इसके बाद भूख न लगना, मुंह में छाले पड़ जाना है। ऐसे लक्षण वाले 36 बच्चों का नमूना टेस्ट करने के लिए रिजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर (आरएमआरसी) को भेजा गया था, जिसमें 26 बच्चे पाजिटिव पाए गए हैं। इनमें से भुवनेश्वर से 19, खुर्दा ग्रामीण क्षेत्र से दो, पुरी से तीन तथा कटक से दो बच्चे शामिल हैं। सभी बच्चों की उम्र नौ साल से कम है। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन पर नजर रखे हुए है। संक्रमित बच्चों को परिवार से 5 से 7 दिन तक अलग रखने को कहा गया है। पाजिटिव नमूने को जीनोम सिक्वेंसी के लिए एनआइवी पुणे भेजा गया है। वहीं राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को इस बीमारी को सर्विलांस में लाने का आदेश दिया है। उल्लेखनीय है कि ओडिशा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने अपने ट्विटर हैंडल पर लोगों को चेतावनी दी और लिखा कि टोमैटो फ्लू एक वायरल और हवा से फैलने वाली बीमारी है। पांच साल से कम उम्र के बच्चों में रोग के लक्षण विशेष रूप से आम हैं। इस रोग की विशेषता हाथ, पैर और चेहरे की लाली और तेज बुखार है। यदि आपको इनमें से कोई भी लक्षण तो तुरंत डाक्टर से सलाह लें।