ओडिशा में दो अलग-अलग सड़क हादसे में दस की मौत, रामनवमी की यात्रा देख बाइक से लौट रहे तीन युवकों की गई जान
ओडिशा में रामनवमी के दिन दो सड़क हादसों में कुल नौ लोगों की मौत हो गई है। रात के बारह बजे एक बाइक दुर्घटना में जहां तीन युवकों की मौत हो गई वहीं संबलपुर में हुए एक दर्दनाक हादसे में छह लोगों की जान चली गई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। श्रीराम नवमी यात्रा देखकर लौट रहे तीन बाइक सवारों की गुरुवार देर रात कोमोंड पथरा स्थित वृद्धाश्रम के पास बरगद के पेड़ से टकरा जाने के बाद मौत हो गई। बाइक सवार मृतकों की पहचान ओड़गा आदर्श थाना रोहिबा पंचायत महेश्वरपुर ग्रामीण स्कूल मोहल्ले के माधव प्रधान (20) पिता केदार प्रधान, सूर्यकांत प्रधान (19) पिता विक्रम प्रधान, राजेश नायक (19) पिता हरि नायक रात 8 बजे श्रीराम नवमी यात्रा देखने के लिए घर से ओडगांव आए थे।
बरगद के पेड़ से टकरा गई बाइक
श्री राम नवमी यात्रा देखने के बाद रात करीब 12 बजे बाइक नंबर ओडी 25 एन 3274 पर सवार होकर तीन युवक घर लौट रहे थे। जब पथरा वृद्धाश्रम के पास संतुलन खोकर सड़क के किनारे एक बरगद के पेड़ से टकरा गयी। स्थानीय लोगों ने ओडगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बचाया, जबकि सूर्यकांत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजेश और माधव की हालत गंभीर होने पर उन्हें नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
संबलपुर में हुआ बड़ा हादसा
इसी दरमियान रात के करीब दो बजे संबलपुर में हुए एक भयावह सड़क हादसे ने छह लोगों की जिंदगी छीन ली। दुर्घटना में तीन घायल भी हुए हैं। हादसा संबलपुर सासोन थाना क्षेत्र के विशालखिंडी के पास हुआ, जब एक बोलेरो गाड़ी नियंत्रण खोकर सासोन नहर में जा गिरी।
हादसे के मृतकों की पहचान बड़धरा गांव के सुबल भोई, सुमंत भोई, सूरज सेठ, दिव्या लोहा, अजीत खमारी और रमाकांत भैर के रूप में हुई है, जो झारसुगुड़ा जिला कनकतुरा बड़धरा क्षेत्र से परमानपुर में एक शादी में शामिल होने के लिए गए थे और दावत खाकर वहां से अपने-अपने घर लौट रहे थे। उस दौरान तेज बारिश हो रही थी। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है।