प्रवासी ओडिआ श्रमिकों के आग्रह पर 12 सितम्बर से चलेगी तीन विशेष ट्रेन
Special Train for migrant workers प्रवासी ओडिआ श्रमिकों को उनकी जीवन जीविका के लिए कर्म स्थल तक पहुंचाने के लिए 12 सितम्बर से तीन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। कोरोना महामारी के बीच अब सब कुछ धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। ऐसे में प्रवासी ओडिआ जीवन जीविका के लिए अपने अपने कर्म स्थल पर जाने के लिए लगातार आग्रह प्रकट कर रहे हैं। ऐसे इन प्रवासियों के लिए अगले 12 सितम्बर से 3 स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
पुरी-अहमदाबाद, पुरी-गांधीधाम, पुरी-ओखा रूट पर यह विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इसके लिए केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने जानकारी देने के साथ ही प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया है।
यहां उल्लेखनीय है कि पुन: अपने कर्म स्थल को लौटने की इच्छा प्रकट करने वाले प्रवासियों के लिए विशेष रेल चलाने हेतु रेल मंत्री पीयूष गोयल को केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने पत्र लिखा था। प्रवासी ओडिआ की जीवन जीविका के लिए पुन: श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए उन्होंने अनुरोध किया था।
विशेष ट्रेनों को चलाने का मुख्य कारण
रेल मंत्रालय के अनुसार ट्रेन ऑक्यूपेंसी और लोगों के मूवमेंट के आधार पर एक नया ट्रेंड सामने आया है। जिसमें देखा गया है कि प्रवासी श्रमिक तेज़ी से बड़े शहरों की ओर वापसी कर रहे हैं। जिन शहरों से प्रवासी मज़दूर श्रमिक संकट के कारण अपने कार्य छोड़कर गांव-कस्बों की ओर लौट गए थे, अब वो वापस काम के लिए शहर लौटने को तैयार हैं। इसे वजह को एक बड़ा आधार मानते हुए रेलवे ने 12 सितंबर से 80 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है ताकि प्रवासी मज़दूरों को काम के लिए वापस शहर पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
अभी चल रही हैं 230 विशेष ट्रेनें, 12 सितंबर से होंगी 310
श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के बाद 12 मई को 15 राजधानी स्तर की पूर्णतया वातानुकूलित ट्रेनें चलाई गयी थीं। इसके बाद 1 जून से 100 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई गयी, जिनमें स्लीपर क्लास भी शामिल था। ये सभी 230 विशेष ट्रेनें आज भी चल रही हैं। अब 12 सितंबर से 80 नयी विशेष ट्रेनों के चलने के साथ ही ट्रेनों की संख्या 310 हो जाएगी। ये सभी ट्रेनें पूर्णतया रिज़र्व ट्रेनें होंगी।