Odisha: विधानसभा के सामने तीन किसानों ने आत्मदाह करने का किया प्रयास
Odisha Assembly तीन किसानों ने ओडिशा विधानसभा के सामने आत्मदाह करने का प्रयास किया है। तीनों किसानों ने अपने शरीर पर केरोसीन डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। उसी समय वहां तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ लिया।
जासं, भुवनेश्वर। Odisha Assembly: ओडिशा में नयागड़ में बच्ची के माता-पिता के बाद शुक्रवार को तीन किसानों ने विधानसभा के सामने आत्मदाह करने का प्रयास किया है। तीनों किसानों ने अपने शरीर पर केरोसीन डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। उसी समय वहां तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ लिया। ये किसान बिना किसी गलती के ऋण के जाल में फंस गए थे और बार-बार दफ्तर का चक्कर काटने के बावजूद जब कुछ लाभ नहीं हुआ तो तीनों आत्मदाह करने का प्रयास किया। आठगड़ कोआपरेटिव बैंक में लाखों लाख रुपये का कर्ज का हेरफेर हुआ है। वहां पर गरीब किसानों के नाम पर प्रभावशाली लोगों ने रुपये उठा लेने का आरोप सामने आया है। ऐसे में निर्दोष किसान कर्ज के जाल में फंस गए हैं और उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि इस संबंध में हमने स्थानीय प्रशासन के पास कई बार शिकायत की है, मगर कोई लाभ नहीं हुआ। प्रशासन से निराश होने के बाद इन किसानों ने आत्मदाह करने का निर्णय लेने की बात सामने आई है। छह किसान विधानसभा के सामने आत्मदाह करने के लिए आए थे। इनमें से तीन किसान एजी चौक पर सुरक्षा कर्मचारियों के घेरे को फांदकर विधानसभा के सामने शरीर में केरोसीन डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया है। हालांकि वहां पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ लिया।
इससे पहले नयागढ़ निवासी पांच साल की बच्ची की हत्या और बच्ची के माता-पिता द्वारा आत्मदाह की कोशिश करने का मामला गुरुवार को ओडिशा विधानसभा में भी गूंजा था। भाजपा और कांग्रेस ने गुरुवार को ओडिशा विधानसभा में मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए हंगामा किया। सदन में दोनों दलों के सदस्यों ने आरोप लगाया कि कृषि मंत्री आरोपितों को संरक्षण दे रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को बच्ची के माता-पिता ने विधानसभा के बाहर खुदकुशी की कोशिश करते हुए दावा किया था कि उनकी पांच साल की बेटी के अपहरण व हत्या मामले में उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। उक्त दंपती कृषि मंत्री अरुण साहू के विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। दंपती का आरोप है कि हत्यारोपितों को अरुण साहू का संरक्षण प्राप्त है।