सुंदरगढ़ में मवेशी तस्करी का पर्दाफाश: ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरी थीं 33 भैंसें, तीन स्थानीय समेत छह दबोचे गए
सुंदरगढ़ पुलिस ने अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 33 भैंसों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। इस दौरान एक ट्रक और एस्कॉर्ट कार जब्त किया गया।

तलाशी लेने पर वाहन में क्रूरतापूर्ण तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरी गईं 33 भैंसें पाई गईं।
HighLights
सुंदरगढ़ पुलिस ने अवैध मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ किया।
छह तस्कर गिरफ्तार, बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट की जांच जारी।
जासं, राउरकेला। सुंदरगढ़ जिले में अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने दाएज महुल इलाके के पास बीती रात करीब ढाई बजे भैंसों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया।
इस मामले में पुलिस ने मवेशियों से लदे ट्रक और उसकी एस्कॉर्ट कर रही एक लग्जरी कार को जब्त करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया है।
रात 2:30 बजे गश्त के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी
जानकारी के अनुसार, सदर पुलिस की टीम इलाके में नाइट पेट्रोलिंग पर थी। रात करीब 2:30 बजे दाएज महुल के समीप संदिग्ध स्थिति में आ रहे एक ट्रक (OR-67B-8043) को पुलिस ने रोका।
तलाशी लेने पर उसमें अमानवीय और क्रूरतापूर्ण तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरी गईं 33 भैंसें पाई गईं। पुलिस ने मौके से ट्रक के साथ-साथ तस्करी को सुरक्षित रास्ता देने के लिए एस्कॉर्ट कर रही कार (OD-16P-2617) को भी जब्त कर लिया।
तीन स्थानीय समेत 6 तस्कर गिरफ्तार
इस संयुक्त कार्रवाई में भस्मा पुलिस का भी विशेष योगदान रहा। पुलिस ने मौके से तीन स्थानीय निवासियों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सदर थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तस्करों पर आर्म्स एक्ट और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
बड़े सिंडिकेट की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि मवेशियों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी।
पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय सिंडिकेट सक्रिय है, जिसकी परतें उघाड़ने में पुलिस जुटी है।
