विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पैसा डबल करने की स्कीम: 1.5 करोड़ की ठगी करने वाले 'बंटी-बबली' ओडिशा में गिरफ्तार, बैंक खाते फ्रीज

Published: Mon, 14 Sep 2026 05:02 PM (IST)

सुंदरगढ़ में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक दंपति को बालेश्वर से गिरफ्तार किया गया है।

सुंदरगढ़ में डेढ़ करोड़ की ठगी, दंपती गिरफ्तार (AI Generated Image)

सुंदरगढ़ में डेढ़ करोड़ की ठगी, दंपती गिरफ्तार (AI Generated Image)

HighLights

  1. 1.5 करोड़ की ठगी के आरोप में दंपति बालेश्वर से गिरफ्तार।

  2. 'माई डिजिटल लॉकर' के जरिए निवेश दोगुना करने का झांसा दिया।

  3. साइबर पुलिस ने बैंक खाते फ्रीज किए, जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। सुंदरगढ़ में निवेश पर भारी मुनाफे और रकम दोगुनी करने का लालच देकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कथित ठगी करने वाले एक दंपति को साइबर पुलिस ने बालेश्वर से गिरफ्तार किया है।

आरोपितों की पहचान बालेश्वर जिले के अविनाश ग्रहाचार्य और उनकी पत्नी इंदुलेखा ओझा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी दंपति ने माई डिजिटल लॉकर नाम से एक संस्था खोल रखी थी। वे लोगों को झांसा देते थे कि एक निश्चित समय सीमा के भीतर उनका निवेश किया गया पैसा दोगुना हो जाएगा।

सुंदरगढ़ टाउन थाना अंतर्गत रंगाढीपा इलाके के निवासी प्रशांत नायक भी इनके इस जाल में फंस गए। उन्होंने इस स्कीम में 1 करोड़ 26 लाख 34 हजार रुपये का भारी-भरकम निवेश कर दिया। बाद में जब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उन्होंने साइबर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित दंपति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

इसके साथ ही, जांच एजेंसी ने फर्जी साइट और निवेश से जुड़े सभी बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है।

गौरतलब है कि जिले में साइबर पुलिस लगातार सक्रिय है। बीते शनिवार को ही कुआरमुंडा इलाके की एक कंपनी के खाते से 1.84 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था और पीड़ित के खाते में 1.14 करोड़ रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की थी। अब करोड़ों की ठगी में इस दंपति की गिरफ्तारी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।