स्नैपचैट पर दोस्ती, वीडियो कॉल पर फंसाया; ओडिशा में नाबालिग को ब्लैकमेल करने वाला राजस्थान से अरेस्ट
संबलपुर साइबर क्राइम पुलिस ने स्नैपचैट के जरिए नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपित को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।

नाबालिग को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
HighLights
स्नैपचैट पर नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।
आरोपित ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे।
संबलपुर साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपित को राजस्थान से दबोचा।
संवाद सहयोगी, संबलपुर। स्नैपचैट के जरिये एक 15 वर्षीय नाबालिग से दोस्ती कर, उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपित को संबलपुर साइबर क्राइम पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले 21 वर्षीय रमेश कुमार गुप्ता उर्फ साह के रूप में हुई है, जो वर्तमान में राजस्थान में रह रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से रमेश से दोस्ती की थी। इसी दौरान एक वीडियो कॉल पर आरोपित ने चालाकी से नाबालिग के कुछ आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर लीं।
इसके बाद वह इन आपत्तिजनक सामग्रियों को वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग से पैसों की मांग करने लगा। आरोपित लगातार धमकियां देकर उसका मानसिक रूप से शोषण कर रहा था। इस ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने छह सितंबर को स्थानीय साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। संबलपुर पुलिस की एक विशेष टीम राजस्थान पहुंची और वहां की स्थानीय पुलिस की मदद से बालोतरा जिले के पचपदरा कस्बे में छापामारी कर आरोपित को दबोच लिया।
मंगलवार को पुलिस आरोपित रमेश को संबलपुर लेकर आई, जहां आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
