ओडिशा में स्मृति ईरानी ने नवीन पटनायक पर साधा निशाना
स्मृति ईरानी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का मनोबल दिया।
भुवनेश्वर, जेएनएन। नवीन पटनायक सरकार ने ओडिशा को न सिर्फ विकास के मामले में पीछे छोड़ा है बल्कि महिलाओं को सुरक्षा देने में भी पूरी तरह से विफल साबित हुई है। यह बात रविवार को भुवनेश्वर में आयोजित भाजपा की राज्य कार्यकारिणी में स्मृति ईरानी ने कही। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जुएल ओराम, भाजपा प्रभारी अरुण सिंह व राज्य भाजपा के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस मौके पर स्मृति ईरानी ने न सिर्फ नवीन पटनायक सरकार पर सीधा हमला बोला बल्कि अपने कार्यकर्ताओं के बल पर 2019 आम चुनाव में मिशन 120 प्लस को प्राप्त करने की बात कहकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का भी काम किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मंत्री होने के नाते मुझे आश्चर्य है कि जब नवीन बाबू व उनकी सरकार ने विधानसभा में स्वयं स्वीकार किया है कि प्रदेश में 60 प्रतिशत से ज्यादा बच्चे व महिलाएं अनीमिया का शिकार हैं। ओडिशा में हम हर दिन किसी न किसी गरीब परिवार को खाट पर उठाकर अस्पताल ले जाने का समाचार देखते हैं, ऐसे में नवीन बाबू ने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना को ओडिशा में लागू करने से क्यों अस्वीकार किया, यह आज गरीब परिवार के बीच में बहुत बड़ा सवाल है।
नवीन बाबू ने जान-बूझकर ओडिशा के गरीब परिवार को स्वास्थ्य कवच से वंचित किया है। नवीन बाबू आयुष्मान भारत योजना को प्रदेश के स्वास्थ्य की दृष्टि से नहीं बल्कि राजनीतिक स्वार्थ की दृष्टि से देख रहे हैं। प्रदेश सरकार का प्रदेश की जनता के साथ यह दुस्साहस अत्यंत ही निंदनीय है। ओटीएम की टेक्सटाइल मिल बंद पड़ी है, प्रदेश सरकार इस टेक्सटाइल मिल को कार्यकारी करने की दिशा में आगे बढ़ेगी तो भारत सरकार उस दिशा में अपना पूरा योगदान देने के लिए तैयार है। इससे ओडिशा में नया रोजगार आयाम उत्पन्न होंगे, मगर दुख की बात है कि नवीन बाबू इस मामले में पूरी तरह से विफल साबित हुए हैं। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत के बाद केंद्र सरकार द्वारा दी गई राहत पर भी नवीन पटनायक सरकार पर हमला बोला।
स्मृति ईरानी ने कहा कि न नवीन बाबू आयुष्मान भारत का लाभ जनता को देना चाहते हैं और ना ही अन्य प्रदेश सरकारों की तरह पेट्रोल डीजल की कीमत कम कर जनता को लाभ देना चहाते हैं। इसलिए संकल्पित भाव से भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता अपनी प्रतिबद्धता को दर्शा रहा है कि आगामी चुनाव में न सिर्फ 120 प्लस का टारगेट जनता के हित के लिए प्राप्त करेंगे, बल्कि 2019 लोकसभा चुनाव में भी ओडिशा भाजपा अपनी ओर से अभूतपूर्व योगदान भारत की राजनीति में देगी।
भाजपा कार्यकारिणी में पास किए गए 15 प्रस्ताव
भारतीय जनता पार्टी की राज्य कार्यकारिणी में रविवार को कुल 15 प्रस्ताव पास किए गए। इसमें राज्य सरकार के प्रताड़ना को लेकर 5 प्रस्ताव हैं, जबकि अन्य 10 प्रस्ताव राज्य सरकार के विभिन्न भ्रष्टाचार को लेकर हैं। राज्य प्रताड़ना को लेकर पास किए 5 प्रस्ताव में आयुष्मान भारत, खाद्य योजना, बीजू युवा वाहिनी, आम गां आम विकास तथा महिला स्वयं सहायिका को शामिल किया गया है। उसी तरह अन्य 10 प्रस्ताव में खदान, चिटफंड, चारा आदि भ्रष्टाचार को लेकर पारित किया गया। इन प्रस्तावों के लेकर राज्य में व्यापक आंदोलन करने के लिए बैठक में निर्णय लिए जाने की जानकारी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य प्रताप षडंगी ने दी है।
इस मौके पर स्मृति ईरानी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का मनोबल दिया।
स्मृति ईरानी ने भुबनेश्वर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मार्गदर्शन से ओडिशा में सुशासन स्थापित करने के लिए मिशन 120 प्लस में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया।