भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। कोरोना की दूसरी लहर के विकराल रूप धारण करने के बाद राजधानी भुवनेश्वर समेत प्रदेश के तमाम शहरी क्षेत्र में शनिवार एवं रविवार को दो दिवसीय साप्ताहिक शटडाउन शुरू किया गया है। ऐसे में आज सुबह से ही राजधानी भुवनेश्वर के साथ तमाम शहरों में सन्नाटा छाया रहा। रास्ते सुनसान, दुकान बाजार बंद नजर आए। यदि कोई बाहर निकल भी रहा है तो फिर पुलिस उनकी बकायदा जांच कर रही है। हालांकि अधिकतम लोग कोरोना संक्रमण के डर के चलते सरकार की गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए अपने घरों में दुबकना ही बेहतर समझा है।
जानकारी के मुताबिक साप्ताहिक शट-डाउन के लिए कटक-भुवनेश्वर ट्विन सिटी में कमिश्नरेट पुलिस की तरफ से व्यापक तैयारी की गई है। कटक में 25 तथा भुवनेश्वर में 43 जगहों पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। इस समय के दौरान केवल आपातकालीन सेवा में नियोजित लोगों को ही घर से बाहर निकलने की इजाजत दी गई है। जांच के समय लोगों के अनुष्ठान, परिचयपत्र की जांच की जा रही है। इस बार पास की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
साप्ताहिक शटडाउन में इन्हें मिली है अनुमति
साप्ताहिक शटडाउन में सभी मेडिकल, क्लिनिक, नर्सिमग होम, मेडिसिन स्टोर को खुला रखा गया है। कर्मचारियों को परिचयपत्र दिखाकर जाने की अनुमति दी जा रही है। जिला, महानगर, पुलिस एवं दमकल वाहिनी में कार्यरत व्यक्ति को आवागमन करने की छूट दी गई है। आपातकालीन सेवा में नियोजित केन्द्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों को आवागमन की अनुमति दी गई है। इलेक्ट्रानिक्स एवं प्रिंट मीडिया के कर्मचारियों को आवागमन करने की छूट दी गई है। पेयजल आपूर्ति, सैनिटाइजेशन, बिजली आपूर्ति आदि कर्मचारियों को आवागमन की अनुमति दी गई है।
शिल्प-उद्योग निर्माण कार्य जारी है। कृषि, पशुपालन, मंडी में फसल खरीद प्रक्रिया को शट डाउन से अलग रखा गया है। रेल, विमान सेवा जारी है। यात्रियों को रेल एवं बस की टिकट दिखाकर लाना ले जाना किया जा रहा है। हालांकि कुल मिलाकर राजधानी भुवनेश्वर से लेकर कटक एवं तमाम शहरों में शट डाउन के चलते लोग आज घरों से बाहर नहीं निकले हैं।







न्यूज़
मरीज
अस्पताल
दवाएँ
बाजार
पुलिस












a