ओएएस अधिकारियों को हर क्षेत्र में मिलेगी सुरक्षा
राज्य सरकार के सभी जनकल्याणकारी योजना को जन-जन तक पहुंचाने
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में ओएएस अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। राज्य को सभी से और उम्मीद है। आपको जनता के पास और अधिक संवेदनशील होना होगा। जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट परिसर में आयोजित राज्य प्रशासनिक सेवा संघ (ओएएस) के द्वितीय अधिवेशन का उद्घाटन करते हुए मुख्यमत्री नवीन पटनायक ने उपरोक्त बातें कही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1999 में आए विनाशकारी चक्रवाती तूफान से सीख लेकर 2013 में आए तूफान का हमने सफल मुकाबला किया। खाद्यय उत्पादन के साथ अन्य विभिन्न क्षेत्र में ओडिशा विकास कर रहा है। इस प्रक्रिया में ओएएस अधिकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में राज्य ओएएस अधिकारियों को हर क्षेत्र में सुरक्षा देने के साथ सभी प्रकार की सहायता राज्य सरकार देगी।
वित्त एवं आबकारी मंत्री शशि भूषण बेहरा ने कहा कि ओएएस अधिकारियों के निष्ठा, कार्यकौशल एवं प्रशासनिक कौशल पर राज्य की विकास प्रक्रिया निर्भरशील है। मुख्य सचिव आदित्य प्रसाद पाढ़ी ने कहा कि 50 हजार नई नियुक्ति के साथ राज्य में मानव संसाधन बढ़ा है। ओएएस अधिकारियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार वचनबद्ध है। इन सर्विस प्रशिक्षण, कैडर पुनर्गठन जैसी उनकी मांग पर सरकार विचार कर रही है।
ओएएस संघ के नए अध्यक्ष सरोज कुमार सामल ने कहा कि राज्य के ग्रामीण इलाकों में पेयजल मुहैया कराना हो या फिर पक्का घर बनाना, हर क्षेत्र में ओएएस अधिकारी मेहनत एवं ईमानदारी से काम कर रहे हैं। सामल ने राज्य प्रशासनिक व्यवस्था में चार सचिव एवं 15 जिलाधीश पद ओएएस अधिकारियों के लिए आरक्षित रखने के लिए सरकार से अनुरोध किया। साथ ही छोटे-छोटे खदान लुटेरों को पकड़ने के लिए ओएएस अधिकारियों को सुरक्षा देने की सरकार से मांग की। सचिव ज्योतिरंजन मिश्र ने संघ की विभिन्न मांगों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर संघ के नवनिर्वाचित संयुक्त सचिव शुभ्रांशु मिश्र, मनोज स्वांई, शांतनु महांती, कैलाश चन्द्र दास, आशीष कुमार जेना, अनीता पंडा, विनोद पंडा एवं अंबिका दास प्रमुख उपस्थित थे। विजय स्वांई ने धन्यवाद ज्ञापन किया।