'राहुल गांधी वियतनाम में सोरोस से ले रहे सत्ता परिवर्तन की कोचिंग', संबित पात्रा का तीखा हमला
भाजपा नेता संबित पात्रा ने राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा पर जॉर्ज सोरोस से भारत में सत्ता परिवर्तन की रणनीति सीखने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी वियतनाम में सोरोस से ले रहे हैं 'सत्ता परिवर्तन' की कोचिंग: संबित पात्रा
HighLights
राहुल गांधी पर सोरोस से कोचिंग लेने का आरोप।
संबित पात्रा ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
संजय राउत के अल्बानिया पोस्ट पर भी निशाना साधा।
एएनआई, भुवनेश्वर। भाजपा नेता संबित पात्रा ने बुधवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा को लेकर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जार्ज सोरोस से कोचिंग लेने विदेश गए हैं। वह सोरोस के सहयोगियों से भारत में सत्ता परिवर्तन कराने की रणनीति सीख रहे हैं।
संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य देश में अराजकता फैलाना और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश में यह समझने गए हैं कि भारत में सत्ता परिवर्तन की कथित कोशिशों को आगे कैसे बढ़ाया जाए।
भाजपा नेता ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत की अल्बानिया में हुए हिंसक प्रदर्शनों से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट पर भी निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि राउत ने अल्बानिया की संसद में आगजनी की तस्वीरें साझा कर भारत में भी ऐसी घटनाओं का समर्थन किया। भाजपा नेता ने इसे देश की संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विपक्ष के रवैये का उदाहरण बताया। द
रअसल, राउत ने अल्बानिया में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान संसद और सरकारी कार्यालयों पर हुए हमलों का उल्लेख करते हुए भारत को इन घटनाओं से सबक लेने की बात कही थी।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर राहुल गांधी का एक मीम साझा करते हुए लिखा, ‘एक ऐसा व्यक्ति, जो काम करने से ज्यादा समय मौज-मस्ती में बिताता है और फिर ‘वोट चोरी’ का शोर मचाता है।’ मीम का शीर्षक है, ‘राहुल गांधी फिर छुट्टी पर!’
भंडारी ने दावा किया कि राहुल गांधी छुट्टियां मनाने विदेश गए हैं और फिलहाल भारत में नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि राहुल नवरात्रि के दौरान विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं या अपने ‘अराजकता फैलाने वाले सहयोगियों’ से मुलाकात कर रहे हैं।
राहुल की विदेश यात्रा पर थरूर का टका सा जवाब, हम ट्रैवल एजेंट नहीं
प्रेट्र के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरे पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने टका सा जवाब देते हुए कहा, ‘मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूं। मुझसे यह सवाल पूछने का कोई मतलब नहीं है।’
तिरुअनंतपुरम में उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी जिम्मेदारियां होती हैं। इसलिए मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।
थरूर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साध रही है।
भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें कथित तौर पर राहुल गांधी विमान में दिखाई दे रहे हैं। पार्टी ने दावा किया कि वह वियतनाम जा रहे हैं और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच यात्रा कर रहे हैं।
