हॉकी विश्वकप की दूसरी शाम सलमान खान और एआर रहमान के नाम
बारावती स्टेडियम में जहां संगीतकार एआर रहमान ने अपने संगीत से लोगों का दिल जीत लिया, वहीं बालीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपने ही अंदाज में लोगों का मनोरंजन किया।
भुवनेश्वर,जेएनएन। राजधानी भुवनेश्वर में हॉकी विश्व कप-2018 का मुकाबला शुरू हो गया है। इस विश्व कप को भव्य बनाने के लिए सांस्कृतिक नगरी कटक में बुधवार शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। बारावती स्टेडियम में जहां संगीतकार एआर रहमान ने अपने संगीत से लोगों का दिल जीत लिया, वहीं बालीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपने ही अंदाज में लोगों का मनोरंजन किया। प्रशासन की तरफ से बारबाटी स्टेडियम तक जाने वाले तमाम मार्गों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
सुपर स्टार सलमान खान की एक झलक पाने के लिए राजधानी भुवनेश्वर से लेकर कटक तक लोगों में खासा उत्साह दिखा। सलमान खान ने इस अवसर पर कहा कि हॉकी विश्व कप-2018 के इस समारोह में भाग लेकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। सलमान ने कहा कि आइए हमसब मिलकर विश्व के श्रेष्ठ खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाएं।
हालांकि भुवनेश्वर कलिंग स्टेडियम की तरह ही कटक बारावती स्टेडियम में भी उद्घाटन उत्सव देखने को टिकट के लिए लोग परेशान देखे गए। जितनी संख्या में टिकट की व्यवस्था की गई थी, उससे अधिक लोगों का हुजूम टिकट खरीदने के लिए धमक पड़ा। टिकट नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को निराश हो कर लौटना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने जारी किए पांच डाक टिकट
उधर, बुधवार शाम को राज्य सचिवालय से मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हॉकी विश्व कप 2018 के लिए पांच डाक टिकटों का विमोचन किया। यह डाक टिकट कलिंग स्टेडियम के कुछ चयनित काउंटर से बेचे जाएंगे। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने डाक विभाग के इस प्रयास की सराहना की। डाक टिकट विमोचन उत्सव में मुख्य सचिव आदित्य प्रसाद पाढ़ी के अलावा खेल सचिव विशाल कुमार देव, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल जलेश्वर कहंर प्रमुख उपस्थित थे। कहंर ने कहा कि इन डाक टिकटों में ओडिशा के इतिहास एवं संस्कृति को स्थान दिया गया है। ओडिशा में हॉकी का आयोजन राज्य और देश के लिए गर्व की बात है।