महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत, बढ़ा अकुशल श्रमिकों का वेतन
महात्मा गांधी नरेगा योजना (NREGA scheme) के तहत सुंदरगढ़ जिले में अकुशल श्रमिकों को अब एक दिन में 96.40 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। आम जनता की वित्तीय स्थिति में सुधार के लिए अधिक नौकरियों पर जोर दिया जा रहा है।
राउरकेला, जागरण संवाददाता। महात्मा गांधी राष्ट्रीय गारंटी रोजगार या नरेगा योजना के तहत जिले में अकुशल श्रमिकों को 303.40 रुपए का दैनिक वेतन दिया जाएगा। इससे पहले, दैनिक वेतन 209 रुपए था। अब, दैनिक वेतन 96,80 रुपए अतिरिक्त होगा। सुंदरगढ़ जिला खनिज संस्थान (डीएमएफ) फंड से अतिरिक्त धनराशि प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन कोविड महामारी के मद्देनजर जिले के श्रमिकों और आम जनता की वित्तीय स्थिति में सुधार के लिए नरेगा योजना के तहत और अधिक नौकरियों के लिए जोर दे रहा है।
ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाने का प्रस्ताव
जिला प्रशासन ने राज्य सरकार के पंचायती राज और पेयजल विभाग को जिले में ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। विभाग ने केंद्र को इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव की सिफारिश की। केंद्र सरकार की अनुमति से, जिले में नरेगा लाभार्थियों को अब 96,40 रुपए का अतिरिक्त दैनिक वेतन मिलेगा। वित्त वर्ष 2020-21 में, नरेगा ने 1 करोड 93 लाख 316 कार्य दिवस का लक्ष्य रखा था। 28 अक्टूबर तक 83,82,733 कार्य दिवस पैदा किए गए हैं। इसलिए, प्रशासन शेष 59,33,583 कार्य दिवसों को प्राप्त करने के लिए काम कर रहा है।
29 अक्टूबर से लागू होगी बढ़ी हुई मजदूरी
इस संबंध में, बढ़ी हुई मजदूरी के लिए डीएमएफ फंड से 57 करोड़ रुपए से अधिक प्रदान किए जाएंगे। बढ़ी हुई मजदूरी 29 अक्टूबर से सुंदरगढ़ जिले में लागू हो गई है। सुंदरगढ़ जिले में प्रशासन प्रवासी श्रमिकों और ग्रामीण श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार प्रदान करने का प्रयास कर रहा है। इस बात पर भी ध्यान दिया जा रहा है कि सही समय पर मजदूरों को भुगतान कैसे किया जा सकता है। जिलापाल निखिल पवन कल्याण ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य नरेगा योजना में रुचि रखने वाले सभी परिवारों को रोजगार उपलब्ध करवाना है।