जागरण संवाददाता, राउरकेला। ओडिशा के राउरकेला शहर में हॉकी विश्व कप मैच खत्म होने के बाद से बंद घरों में चोरी की वारदात बढ़ने के साथ दो पहिया से लेकर चार पहिया वाहनों की चोरी की वारदातों में काफी इजाफा हो गया है। इसके बावजूद पुलिस इन अपराधियों को पकड़ने में विफल रही है। ऐसा ही कुछ छेंड़ थाना इलाके में देखने को मिला है, जहां छेंड़ कॉलोनी अंचल में राजेंद्र कुमार मिश्रा के बंद घर का ताला तोड़ कर चोरों ने घर के भीतर से नकद 30 हजार रुपए और सोने और चांदी के जेवरात पार कर लिए।

इस तरह दिया वारदात को अंजाम

छेंड़ पुलिस से मिली सूचना के अनुसार छेंड़ के क्वार्टर संख्या- एम-18 निवासी राजेंद्र कुमार मिश्रा विगत 15 दिन पूर्व सपरीवार किसी काम से बाहर गए हुए थे। इस दौरान उनके घर में ताला लगा हुआ था। अपराधियों ने ताला झूलता देख मौका पाकर ताला तोड़ा और घर में दाखिल हो गए। इसके बाद आलमारी तोड़ कर अंदर रखे नकद 30 हजार रुपए और सोने तथा चांदी के जेवरात चुराकर फरार हो गए।

इधर जब पीड़ित राजेंद्र बाहर से वापस आए और अपने घर का ताला टूटा देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद राजेंद्र ने इस संबंध में छेंड थाने में घर में चोरी होने की शिकायत लिखित में दर्ज कराई। इस संबंध में छेंड़ पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

कलिंग बिहार में भी चोरों ने किया था हाथ साफ

इसी तरह से छेंड़ कालोनी के कलिंग बिहार स्थित क्वार्टर संख्या- एल-2-52 बंद क्वार्टर का ताला तोड़ कर चोरों ने घर से चोने औ्र चांदी के गहने चोरी कर फरार होने की शिकायत छेंड़ थाना में घर मालिक ने दर्ज कराया है। इस संबंध में भी छेंड़ पुलिस ने एक मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। इसके बावजूद पुलिस अभी तक चोरों को पकड़ने में पुरी तरह से विफल रही है।

Edited By: Yashodhan Sharma