राउरकेला स्टील प्लांट में रेल हादसा: ब्लास्ट फर्नेस के पास पटरी से उतरे मालगाड़ी के आधा दर्जन डिब्बे
ओडिशा के राउरकेला स्टील प्लांट परिसर में लौह अयस्क ले जा रही मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। ...और पढ़ें

राउरकेला स्टील प्लांट परिसर के भीतर सोमवार को लौह अयस्क ले जा रही एक मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक बेपटरी हो गए।
HighLights
राउरकेला स्टील प्लांट में मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे।
लौह अयस्क ले जा रही मालगाड़ी का हादसा सोमवार सुबह हुआ।
आरएसपी प्रबंधन करेगा नुकसान की भरपाई, जांच जारी।
जासं, चक्रधरपुर। ओडिशा स्थित राउरकेला स्टील प्लांट (RSP) परिसर के भीतर सोमवार को लौह अयस्क (Iron Ore) ले जा रही एक मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक बेपटरी हो गए।
घटना की सूचना सुबह करीब 11 बजे मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद बंडामुंडा कैरिज एंड वैगन और इंजीनियरिंग विभाग की टीमों को राहत व बहाली कार्य के लिए मौके पर भेजा गया, जहां देर शाम तक युद्धस्तर पर काम जारी रहा।
हादसे की खबर मिलते ही बंडामुंडा के एआरएम अमित कुमार सारंगी ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, शाम करीब पांच बजे चक्रधरपुर रेल मंडल के एडीआरएम भी राउरकेला पहुंचे और सड़क मार्ग से घटनास्थल पर जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
फिलहाल डिब्बों के बेपटरी होने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों के मुताबिक पहली प्राथमिकता पटरियों की बहाली है, जिसके बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
इस संबंध में चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने स्पष्ट किया कि स्टील प्लांट के अंदर मालगाड़ियों का संचालन और रखरखाव आरएसपी प्रबंधन द्वारा ही किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे से रेलवे को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और नियमानुसार इसकी पूरी भरपाई आरएसपी से कराई जाएगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के सीपीआरओ ने भी घटना की पुष्टि करते हुए दोहराया कि नुकसान का हर्जाना आरएसपी प्रबंधन ही भरेगा।
आरएसपी परिसर में घटी इस घटना ने प्लांट के भीतर मालगाड़ियों के संचालन और ट्रैक मेंटेनेंस की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चक्रधरपुर रेल मंडल में हाल के दिनों में सामने आईं परिचालन संबंधी घटनाओं को देखते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच अहम मानी जा रही है, जिससे यह साफ हो सके कि गलती किसकी थी और जिम्मेदारी किस पर तय होती है।
