बेकार नहीं जाएगा शहीदों का बलिदान : राजनाथ
पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा। यह बात
जेएनएन, भुवनेश्वर : पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा। यह बात देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को भद्रक जिले के रानीहाट में आयोजित पार्टी भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों को आतंकियों के खिलाफ एक मजबूत प्रतिशोध की पूरी आजादी दी गई है। पूरा देश इस समय एकजुट है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक भारत विश्व के श्रेष्ठ देश में तीसरे स्थान पर होगा।
गृहमंत्री ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में स्थिर सरकार के बावजूद यहां विकास कम है। उन्होंने ओडिशा में आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं करने की भी आलोचना की और पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों से इस योजना के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और एमएसपी पर कृषि उत्पाद नहीं खरीदे जा रहे हैं। कहा कि मैं ओडिशा के किसानों को आश्वस्त करता हूं कि अगर राज्य में भाजपा सत्ता में आती है, तो हम किसानों को फसल की खरीद के लिए उनके इनपुट मूल्य का डेढ़ गुना प्रदान करेंगे।
सिंह ने राहुल गाधी द्वारा चौकीदार चोर है कहने पर चुटकी लेते हुए कहा कि चौकीदार शुद्ध है और उसे दोबारा प्रधानमंत्री बनना देश के लिए जरूरी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रदेश में तेजी से विकास सुनिश्चित करने और गरीबी बेरोजगारी के उन्मूलन के लिए भाजपा के वादे को लोगों के बीच फैलाने की सलाह दी। गृहमंत्री के साथ इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान भी उपस्थित थे। गृहमंत्री ने प्रदेश की चार लोकसभा सीट केंदुझर, मयूरभंज, भद्रक, बालेश्वर के बारे में विचार विमर्श भी किया। इस मौके पर राजनाथ सिंह भद्रक स्थित मा भद्रकाली का दर्शन करने के साथ वहा पर पूजा अर्चना भी की।