राजारानी उत्सव में पहली शाम अरुणा की भजनों ने जीता दिल
स्थानीय राजारानी मंदिर परिसर में आयोजित राजारानी संगीत उत्सव का उद्घाटन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री अशोक चंद्र पंडा ने किया।
संसू, भुवनेश्वर : स्थानीय राजारानी मंदिर परिसर में आयोजित राजारानी संगीत उत्सव का उद्घाटन पर्यटन व संस्कृति मंत्री अशोक चंद्र पंडा ने किया। इस मौके पर पर्यटन विभाग के सचिव एवं उत्कल संगीत नाटक अकादमी के सचिव बिजय कुमार जेना सम्मानित अतिथि के तौर पर उपस्थित थे। उत्सव की पहली शाम कर्नाटक की गायिका अरुणा साईराम ने राग अमृत वर्षिणी और ताल आदिताल समेत अष्टपदी और कामाक्षी भजन तथा गणेश वंदना प्रस्तुत की। इस दौरान अरुणा ने ओड़िया भजन थका मन चाल जिबा चका नयन देखी बा.., पेशकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। भाषागत समस्या के बावजूद अपने सुर में उन्होंने भजन को बेहतर ढ़ंग से पेश किया। दूसरी प्रस्तुति बांसुरी वादन में बेंगलुरु से आए प्रवीण गोड़खिंडी ने अपने पुत्र के साथ राग वाचस्पति में मध्यलय रूपक ताल पर और फिर द्रुत तीन ताल पर बांसुरी वादन किया। तबला पर ओजास आधिया ने संगत की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संगीता गोसाई और वेदुला रामालक्ष्मी ने किया।