Odisha News: शंकराचार्य सरकार की समुद्र तट शैक योजना के विरोध में उतरे, बताया अपमानजनक
Odisha News ओडिशा सरकार की समुद्र तट पर शराब परोसने को लेकर बनाई गई शेक योजना का पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने विरोध किया है। उन्हों ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों, बुद्धिजीवियों, सेवकों और जगन्नाथ संस्कृति के शोधकर्ताओं के साथ मिलकर पर्यटकों को शराब परोसने के लिए पुरी और कोणार्क के समुद्र तट पर काटेज स्थापित करने की ओडिशा सरकार की योजना का विरोध किया है।
जगतगुरु शंकराचार्य ने ओडिशा सरकार के इस कदम की निंदा की है और इसे ओडिशा की आध्यात्मिक पवित्रता का अपमान बताया है। उन्होंने कहा श्री जगन्नाथ धाम के धार्मिक महत्व को संरक्षित करने की जरूरत है।
सरकार को दी सलाह
उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को ऐसे कृत्यों से परहेज करने की सलाह दी और इसे ओडिशा के लिए अपमानजनक बताया। शंकराचार्य ने सरकार के इस कदम पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पुरी में श्री जगन्नाथ धाम आध्यात्मिक और धार्मिक आत्म-चिंतन का स्थान है।
किसी भी परिस्थिति में यहां शराब और अन्य प्रकार के मादक पेय पदार्थों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। शंकराचार्य ने कहा है कि मेरी हमेशा से मांग रही है कि पुरी समुद्र तट भजन, कीर्तन और आरती का स्थान होना चाहिए।
पुरी के समुद्री तट पर सरकार के इस प्रस्ताव का किसी भी रूप में समर्थन नहीं किया जाना चाहिए और यह स्वीकार्य नहीं है। ओडिशा आबकारी नीति, 2021 के तहत शराब परोसने के लिए समुद्र तट पर दुकानें स्थापित करने की सरकार की योजना पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी चिंता व्यक्त की है।
आबकारी नीति का विरोध
रिपोर्ट के अनुसार, आबकारी नीति नदियों जैसे विभिन्न जल निकायों के पास समुद्र तट पर दुकानें स्थापित करने को मंजूरी देती है। पर्यटन के लिए समुद्र तट के अलावा झीलें भी शामिल हैं। इस बीच, विभिन्न संगठन के सदस्यों ने पुरी में समुद्र तट पर शराब की दुकानें खोलने की मंजूरी का विरोध करते हुए बुधवार को सिंहद्वार के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
कई लोगों का मानना है कि इससे धार्मिक स्थल पर अपराध को बढ़ावा मिलेगा। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने ओडिशा पर्यटन विकास निगम (ओटीडीसी) के माध्यम से समुद्र तट पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरुआत में पुरी से कोणार्क तक समुद्र तट के किनारे समुद्र तट शैक स्थापित करने के लिए टेंडर आमंत्रित की हैं।
ओटीडीसी ने पुरी-कोणार्क मरीन ड्राइव समुद्र तटों पर शराब काउंटर खोलने की भी योजना बनाई है, जिसमें पर्यटकों को गोवा की तर्ज पर संगीत के साथ-साथ शराब सहित पेय पदार्थ भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह भी पढ़ें
Odisha News: पुरी जगन्नाथ मंदिर में सुरक्षा चूक से फिर उठे सवाल, देर रात में मंदिर के शीर्ष पर चढ़ा बुजुर्ग
राज्य में कुत्तों के लिए श्मशान घाट बनाएगी सरकार, 200 गौशाला भी बनेंगी; गवर्नमेंट देगी सब्सिडी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।