पुरी से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
2019 लोकसभा चुनाव में श्रीक्षेत्र धाम पुरी लोकसभा सीट से प्रधानमंत्री के चुनाव लड़ने की 90 प्रतिशत सम्भावना है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। श्रीक्षेत्र धाम पुरी लोकसभा सीट से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चुनाव लड़ने को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा के विधायक प्रदीप पुरोहित ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा है कि ओडिशा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फोकस में है।
2019 लोकसभा चुनाव में पुरी से प्रधानमंत्री के चुनाव लड़ने की 90 प्रतिशत सम्भावना है। 2014 लोकसभा में प्रधानमंत्री ने प्रभु श्री जगन्नाथ जी का आशीर्वाद लेकर बनारस से चुनाव लड़ा था। महाप्रभु का आशीर्वाद लेकर वह सफल भी हुए और प्रधानमंत्री भी बने। इसके बाद भी वह श्रीक्षेत्र धाम में आकर महाप्रभु का आशीर्वाद लिया। जगन्नाथ महाप्रभु के आशीर्वाद से आज वह विश्व में श्रेष्ठ एवं शक्तिशाली प्रधानमंत्री के रूप में परिचित हुए हैं।
भाजपा विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ओडिशा के लोगों से प्यार करते हैं और यही कारण है कि ओडिशा को अधिक अनुदान दिए हैं। उनके कुशल नेतृत्व के चलते ही राज्य में कई राष्ट्रीय इंस्टीट्यूट स्थापित हुआ है। पूर्वांचल का विकास होने पर देश का विकास होगा, यह सपना भी प्रधानमंत्री का ही है। ऐसे में उसे साकार करने के लिए पुरी से वह चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि सब निर्णय संसदीय कमेटी को लेना है। प्रदीप पुरोहित ने कहा है कि ओडिशा में किसानों की कमर टूट गई है। किसान कर्ज में डूबे हैं। खेती जमीनों के लिए सिंचाई की व्यवस्था नहीं है। यही कारण है कि कर्ज माफी की बात हो रही है।
राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी तो किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा, यह बात पहले ही भाजपा राज्य अध्यक्ष बसंत पंडा एवं केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान कह चुके हैं। इस पर विचार विमर्श भी शुरू हो गया है। यहां उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पुरी से प्रधानमंत्री के चुनाव लड़ने की चर्चा हो चुकी है। हालांकि बीजद नेता प्रसन्न आचार्य ने कहा कि कोई भी कहीं से चुनाव लड़ सकता है। इसका बीजद पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।