बस में महिलाओं की आरक्षित सीट पर बैठने वालों को देना होगा जुर्माना
अगर आप बस में महिलाओं की सीट पर बैठते हैं तो सजग हो जाएं। क्योंकि अब बसों में महिलाओं की सीट पर बैठना महंगा पड़ सकता है।
जासं, भुवनेश्वर : अगर आप बस में महिलाओं की सीट पर बैठते हैं तो सजग हो जाएं। क्योंकि, अब बसों में महिलाओं की सीट पर बैठना महंगा पड़ सकता है। अगर महिला सीट पर बैठे पाये गए तो आपको जुर्माना देना होगा। यह निर्णय बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया है।
स्थानीय पुलिस भवन में कमिश्नरेट पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तथा पांच स्थानीय बस मालिक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और एसपीओ की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। इसके साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना के दौरान या महिला यात्रियों की सुरक्षा के संबंध में शिकायत दर्ज कराने के लिए एक टोलफ्री नंबर बसों के अंदर और बाहर लिखने का भी निर्णय लिया गया। कैपिटल रीजन अर्बन ट्रांस्पोर्ट की महिला अधिकारियों के व्हाट्सअप को महिला विशेष पुलिस अधिकारियों के व्हाट्सअप ग्रुप से जोड़ा जाएगा, ताकि किसी महिला यात्री की शिकायत पर परिवहन प्राधिकार और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज की महिलाएं भी कामकाजी हो गई हैं। इस कारण महिलाओं और लड़कियों को देर रात तक कार्यालय से घर आना होता है। इनकी आत्मनिर्भरता को ध्यान में रखकर सुरक्षित यातायात सुविधा मुहैया करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।