कंधमाल के शिर्ला जंगल में मुठभेड़, एक और माओवादी ढेर; भारी मात्रा में नक्सल सामग्री जब्त
ओडिशा के कंधमाल जिले माओवादी एवं सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई गोलीबारी में एक और माओवादी की मौत हो गई है। इसके पास से भारी मात्रा में हथियार व नक्सल सामग्री भी बरामद हुई है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। कंधमाल जिले के तुमड़ीबंध थाना अन्तर्गत शिर्ला जंगल में माओवादी एवं सुरक्षाकर्मियों के बीच मंगलवार को पुन: गोलीबारी हुई है। इस गोलीबारी में सुरक्षाकर्मियों ने एक माओवादी को ढेर कर दिया है। मारा गया माओवादी वंशधारा-घुमुसर-नागावली डिवीजन का सदस्य होने की बात पता चली है। इस माओवादी के पास से भारी मात्रा में हथियार एवं नक्सल सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी कंधमाल के एसपी प्रतीक सिंह ने दी है। उन्होंने कहा है कि शिर्ला क्षेत्र में स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) एवं डिस्ट्रिक वैल्यूंटरी फोर्स (डीवीएफ) के जवानों का संयुक्त कांबिंग आपरेशन जारी है। इसी जंगल में कांबिंग आपरेशन के दौरान दो दिन पहले 5 जुलाई को 4 माओवादियों को ढेर किया गया था। अब आज पुन: एक माओवादी को हमारे जवानों को ने ढेर किया है।
गौरतलब है कि 2018 में प्रतीक सिंह ने कंधमाल के एसपी का दायित्व संभालने के बाद से 13 मई को पुलिस बड़ी सफलता मिली थी। सुडुकुम्पा जंगल में माओवादियों ने बड़े पैमाने पर हिंसा कांड को अंजाम देने के लिए योजना बनायी थी मगर उनकी योजना धरी की धरी रह गई। पुलिस गोलीबारी में एक ही साथ 5 माओवादी उस समय ढेर कर दिए गए थे। इसके बाद बालीगुड़ा क्षेत्र में एक महिला माओवादी भी पुलिस की गोली का शिकार हुई थी। इसी के बाद से माओवादी बदला लेने के लिए कई बार योजना बना चुके हैं मगर वे अपनी योजना में सफल नहीं हो पा रहे हैं। माओवादी अपनी योजना में सफल होने पाएं इससे पहले ही जंगल में उनका सर्च आपरेशन चलाकर सफाया किया जा रहा है। कंधमाल पुलिस की इस सफलता पर खुद पुलिस डीजी अभय ने पहले ही कंधमाल के एसपी प्रतीक सिंह की पीठ थपथपाई है।