जाजपुर में मास्क न पहनने पर युवक को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
ओडिशा में पुलिस की बर्बरता एक बार फिर सामने आई है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा में पुलिस की बर्बरता एक बार फिर सामने आई है। मास्क न पहनकर घूम रहे एक युवक को पुलिस कर्मचारी ने रास्ते पर दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई की। भद्रक-आनंदपुर राज्य राजपथ पर बंत इलाके मे यह घटना घटी है। बंत थाना के पास एक युवक मुंह पर बिना मास्क लगाए घूम रहा था, इसके बाद 4 पुलिस कर्मचारी मिलकर उस युवक को रास्ते पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। मास्क न पहनने के कारण एक अपराधी की तरह युवक की पिटाई करने को स्थानीय लोगों ने अमानवीय करार देते हुए पुलिस की बर्बर कार्रवाई निदा की है। पुलिस की पिटाई से गंभीर रूप से घायल युवक को बंत सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। एक व्यक्ति ने पुलिस अधिकारी को इस संदर्भ में ट्वीट कर जानकारी दी। इसके बाद यह घटना सामने आई। घटना सामने आने के बाद भद्रक एसपी ने एक पुलिस कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। एसपी ने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है। पुलिस ने युवक के नाम पर एक मामला भी बंत थाना में दर्ज किया है। पुलिस के आरोप के मुताबिक उक्त युवक एक महिला पुलिस कांस्टेबल के साथ दुर्व्यवहार किया था। पुलिस इस संदर्भ में एक मामला दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही है।