दिन में बसंत तो रात में बसंती हो जाती है कांग्रेस
वर्ष 2019 में डबल इंजन लगेगा। भुवनेश्वर और दिल्ली में भी भाजपा सरकार बनेगी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : वर्ष 2019 में डबल इंजन लगेगा। भुवनेश्वर और दिल्ली में भी भाजपा सरकार बनाएगी। ओडिशा में भाजपा की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। भद्रक में मेडिकल कॉलेज की स्थापना करने की भी बात केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कही है।
नगर के वासुदेवपुर चुनाव क्षेत्र में भाजपा की ओर से आयोजित मिलन समारोह में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कहा कि कांग्रेस दिन में बसंत एवं रात में बसंती हो जाने से नेता पार्टी छोड़ रहे हैं।
प्रधान ने नवीन सरकार पर भी तीखे शब्दबाण छोड़े। राज्य सरकार को चिटफंड नायकों की सरकार बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि सरोज कौन है, शासक दल के मंत्री एवं विधायकों के घर तक चिटफंड की जड़ पहुंच गई है। 2019 में परिवर्तन की शुरुआत वासुदेवपुर से होगी। राज्य के युवाओं की हालत आज ठीक नहीं है। स्वास्थ्य सेवा समस्या है, लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है, 24 घंटे बिजली नहीं है। भाजपा की सरकार आएगी तो किसानों का कर्ज माफ करेगी।
प्रधान ने आयुष्मान योजना को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा। कहा भारत की यह सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है। बड़ी बीमारियों के लिए 5 लाख रुपये तक की सहायता इस योजना में मिलती है। प्रधानमंत्री मोदी ओडिशा आए थे तब मुख्यमंत्री से इस योजना को लागू करने के लिए अनुरोध किया था, मगर नवीन सरकार ने राज्यवासियों को इस योजना से वंचित कर दिया। प्रधान ने चक्रवाती तूफान तितली का भी जिक्र किया और कहा कि राज्य सरकार इतनी मदमस्त थी कि गंजाम, गजपति एवं रायगड़ा में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई। निरीह आदिवासी आज भी तकलीफ में हैं।