ओड़िया भाषा में बोलें नवीन पटनायक : प्रदीप्त नायक
ओडिशा विधानसभा में विरोधी दल के नेता प्रदीप्त कुमार नायक ने पत्र लिखकर राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को ओड़िया भाषा में बोलने एवं लिखने की सलाह दी है।
जासं, भुवनेश्वर : ओडिशा विधानसभा में विरोधी दल के नेता प्रदीप्त कुमार नायक ने पत्र लिखकर राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को ओड़िया भाषा में बोलने एवं लिखने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री के ओडि़या ज्ञान पर भाजपा नेता प्रदीप्त कुमार नायक ने पटनायक को पत्र लिखकर सलाह दी है कि वे भी ओडि़या में लिखे, पढ़ें और बोलें भी। नायक का कहना है कि राज्य का दुर्भाग्य है कि नवीन बाबू ओड़िया के बजाय अंग्रेजी में बोलते हैं। भाषा को लेकर भाजपा ने विधानसभा में बजट सत्र के दौरान नवीन को घेरने की रणनीति बनाई है।
नेता प्रतिपक्ष नायक ने सरकारी कामकाज, विधानसभा की कार्यवाही और न्यायिक रिपोर्ट में ओड़िया भाषा की अनिवार्यता की मांग की है। नायक ने कहा है कि मुख्यमंत्री खुद अंग्रेजी का प्रयोग करते हैं। उनके लिखित बयान भी अंग्रेजी में आते हैं। वह ओड़िया का प्रयोग करें। ओड़िया को कामकाज की भाषा बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने मांग की है कि विधानसभा की समस्त कार्यवाही ओड़िया भाषा में की जानी चाहिए। उनका कहना है कि अधिकतर पत्र अंग्रेजी में लिखे जाते हैं। विधानसभा और लोकसेवा भवन का पत्र व्यवहार अंग्रेजी में होता है। न्यायिक रिपोर्ट, विभागीय बजट, आयोगों की रिपोर्ट और अध्यादेश की भाषा ओड़िया नहीं होती है।
भाजपा नेता ने पत्र में लिखा है कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी विधानसभा या बाहर जो भी बयान देते हैं वह पूरा अंग्रेजी में होता है। इसका ओडि़या लोगों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। मुख्यमंत्री खुद अंग्रेजी में लिखते-पढ़ते-बोलते हैं, यह दुर्भाग्य का विषय है। नायक ने कहा कि ओडिशा में हाईकोर्ट व अन्य कोर्ट अंग्रेजी का प्रयोग करते हैं। उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, राजस्थान आदि की अदालतों ने हिदी अपना रखी है तो ओडिशा में ओड़िया क्यों नहीं अपनायी जानी चाहिए। दूसरी भाषा के रूप में ओड़िया को प्रयोग किया जाना चाहिए।