Coronavirus: 29 मार्च तक पूरा ओडिशा लॉकडाउन, जारी रहेंगी आपातकालीन सेवाएं
Coronavirus. राज्य सरकार ने पहले राज्य के पांच जिलों के आठ शहर इसके बाद सोमवार को और नौ जिले यानी मंगलवार को राज्य के 14 जिलों में लॉकडाउन किया गया था।
जासं, भुवनेश्वर। Coronavirus. कोरोना वायरस देश में धीरे-धीरे भयंकर रूप धारण कर रहा है। आने वाला दो सप्ताह देश के लिए काफी महत्वपूर्ण है, ऐसे में ओडिशा सरकार ने पूरे प्रदेश में मंगलवार मध्यरात्रि से 29 मार्च तक लॉकडाउन घोषित करने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार के प्रवक्ता सुब्रत बागची ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना वायरस से मुकाबला के लिए सरकार ने यह निर्णय लिया है। इस दौरान प्रदेश में अत्यावश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।
राज्य सरकार ने पहले राज्य के पांच जिलों के आठ शहर, इसके बाद सोमवार को और नौ जिले यानी मंगलवार को राज्य के 14 जिलों में लॉकडाउन किया गया था, जबकि मध्यरात्रि से प्रदेश के सभी 30 जिलों में 29 मार्च तक लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया है। इन तमाम जिलों में जांच प्रक्रिया को तेज की जाएगी। अतिआवश्यक न होने पर घर से बाहर न निकलने के लिए लोगों से अनुरोध किया किया गया है।
कोरोना वायरस से मुकाबला के लिए लॉकडाउन किए गए तमाम जिलों के महत्वपूर्ण स्थान पर पुलिस की तरफ से नाकेबंदी कर वाहनों के आवागमन को रोकने के साथ भीड़-भाड़ रोकने के लिए पेट्रोलिंग की जा रही है। विभिन्न बाजार-हाट में भीड़ रोकने के लिए पुलिस की तरफ से जोरदार प्रयास किया जा रहा है। लॉकडाउन लागू होने के बावजूद लोग बाहर निकल रहे हैं, ऐसे में प्रशासन को कई जगहों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
कोरोना वायरस प्रदेश में महामारी का रूप धारण न करे इसके लिए सरकार धीरे-धीरे सख्त कदम उठा रही है। पहले आधा ओडिशा को लॉकडाउन करने के बाद अब पूरे ओडिशा को लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया है। मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे से सभी बस सेवा को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। सिटी बस सेवा को भी बंद कर दिया गया है। अत्यावश्यक सेवा मुहैया करने वाले कर्मचारियों की संख्या भी कम करने का निर्णय लिया गया है।