ओडिशा में विजिलेंस के रडार पर सिंचाई विभाग के इंजीनियर, 7 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
ओडिशा विजिलेंस ने सिंचाई विभाग के सहायक कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार राय पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है।

विजिलेंस के रडार पर सिंचाई विभाग के इंजीनियर
HighLights
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप।
विजिलेंस ने ओडिशा के सात ठिकानों पर एक साथ की छापेमारी।
जांच में संपत्ति का मूल्यांकन जारी, भ्रष्टाचार कानून के तहत कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत विजिलेंस विभाग ने सिंचाई विभाग के एक सहायक कार्यपालक अभियंता (एईई) के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस की टीम ने अधिकारी से जुड़े राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है।
मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रापाड़ा डिवीजन के अंतर्गत डेराबिश सिंचाई उपखंड में तैनात सहायक कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार राय पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
सात स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान
शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने जांच शुरू की और पर्याप्त आधार मिलने के बाद विशेष अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की।विजिलेंस की अलग-अलग टीमें भुवनेश्वर, केंद्रापाड़ा, कटक, ढेंकानाल और भद्रक जिलों में स्थित कुल सात स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं। इस अभियान में दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), नौ डीएसपी, नौ इंस्पेक्टर तथा अन्य कर्मचारियों सहित बड़ी टीम को लगाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान अधिकारियों के भुवनेश्वर के बालिअंता क्षेत्र स्थित चार मंजिला मकान समेत कई अन्य संपत्तियों की जांच की जा रही है। इसके अलावा बैंक खातों, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, निवेश से जुड़े दस्तावेज और जमीन-जायदाद के कागजात भी खंगाले जा रहे हैं।
भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत कड़ी कार्रवाई
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि बरामद संपत्तियों का मूल्यांकन तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से किया जा रहा है। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद अधिकारी की कुल चल-अचल संपत्ति का विस्तृत आकलन किया जाएगा।
विभाग के अनुसार, जांच में यदि आय से अधिक संपत्ति के आरोप साबित होते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।समाचार लिखे जांच जारी थी।
