विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारसुगुड़ा में विजिलेंस का रेड: नर्सिंग छात्रों की ट्रेनिंग के नाम पर 2500 रुपए रिश्वत लेते सेक्शन ऑफिसर गिरफ्तार

Published: Wed, 22 Apr 2026 09:53 PM (IST)

झारसुगुड़ा में विजिलेंस टीम ने जिला मुख्य अस्पताल के सेक्शन ऑफिसर अनित कुमार गुरु को नर्सिंग छात्रों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग ...और पढ़ें

अनित कुमार गुरु, सेक्‍शन ऑफि‍सर।

अनित कुमार गुरु, सेक्‍शन ऑफि‍सर।

HighLights

  1. नर्सिंग छात्रों की ट्रेनिंग के लिए रिश्वत मांगी थी।

  2. आरोपी के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति की जांच।

संस, झारसुगुड़ा। ओडिशा के झारसुगुड़ा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने जिला मुख्य अस्पताल (DHH) के सेक्शन ऑफिसर को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी, अनित कुमार गुरु पर नर्सिंग छात्रों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने के एवज में पैसे मांगने का आरोप है।

क्या है पूरा मामला? 

मिली जानकारी के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए जीएनएम (GNM) छात्रों को जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के लिए जोड़ा जाना था। इस प्रक्रिया की अनुमति देने और फाइलों को प्रोसेस करने के बदले सेक्शन ऑफिसर अनित कुमार गुरु लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।

ब्रजराजनगर जीएनएम सेंटर के नर्सिंग शिक्षक विनोद बिहारी रोहिदास ने जब अपने छात्रों की ट्रेनिंग के लिए अनुरोध किया, तो अधिकारी ने 2,500 रुपये की मांग की। रिश्वतखोरी से परेशान होकर शिक्षक ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से कर दी।

जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी 

शिकायत मिलने के बाद झारसुगुड़ा विजिलेंस डीएसपी कलाबती बाग और सुंदरगढ़ डीएसपी दैतारी गडेई के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। बुधवार को योजनाबद्ध तरीके से रेड की गई और जैसे ही शिक्षक ने सेक्शन ऑफिसर को पैसे दिए, विजिलेंस टीम ने उसे दबोच लिया। 

आय से अधिक संपत्ति की जांच शुरू

आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। इस गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस को संदेह है कि आरोपी अधिकारी ने भ्रष्टाचार के जरिए आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। 

इसी आधार पर विजिलेंस की टीम अनित के झारसुगुड़ा स्थित बेइमुंडा आवास सहित दो अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। राउरकेला विजिलेंस पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। 
 
डीएसपी कलावती बाग ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। जांच के बाद भ्रष्टाचार के इस खेल में शामिल अन्य कड़ियों का भी खुलासा किया जाएगा।