ओडिशा के 5 जिलों में 24 सितंबर तक स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, भारी बारिश की चेतावनी के बाद फैसला
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण संभावित भारी वर्षा और तेज हवाओं के मद्देनजर ओडिशा ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के कारण भारी वर्षा की आशंका।
ओडिशा के पांच जिलों में स्कूल, आंगनबाड़ी 24 सितंबर तक बंद।
बच्चों की सुरक्षा हेतु निर्णय, स्कूल आपदा राहत केंद्र बनेंगे।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से संभावित भारी वर्षा और तेज हवाओं को देखते हुए राज्य के पांच जिलों में 24 सितंबर तक स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। खुर्दा, जगतसिंहपुर, गंजाम, गजपति और मलकानगिरि जिलों के जिला प्रशासन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी निर्देश के अनुसार, शिशु वाटिका से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय अगले तीन दिनों तक बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी गतिविधियां स्थगित रहेंगी। जिला प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
हालांकि स्कूल बंद रहने के बावजूद सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को विद्यालयों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने विद्यालय भवनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को आपदा की स्थिति में उपयोग के लिए तैयार रखने को कहा है। जरूरत पड़ने पर इन भवनों का उपयोग राहत एवं आश्रय केंद्र के रूप में किया जा सकेगा।
विद्यालयों को 24 घंटे तैयार रखने के लिए रोस्टर ड्यूटी व्यवस्था लागू करने तथा प्रधानाध्यापकों और प्राचार्यों को इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने ‘शून्य मृताहत’ नीति के तहत सभी एहतियाती कदम उठाने पर जोर दिया है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
