विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रवात 'अर्णव' से निपटने के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, 8 जिलों से 48 हजार लोग शेल्टर होम भेजे गए

Published: Tue, 27 Oct 2026 06:36 PM (IST)

ओडिशा सरकार ने चक्रवाती तूफान अर्णव से निपटने की पूरी तैयारी कर ली है, जिसके तहत 8 जिलों से 48,010 लोगों को 466 आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया गया है।

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

HighLights

  1. ओडिशा सरकार ने चक्रवात अर्णव से निपटने की तैयारी की।

  2. आठ जिलों से 48,010 लोगों को आश्रय स्थलों में भेजा।

  3. ओड्राफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन दल तैनात किए गए।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवाती तूफान अर्णव से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने तैयारी  पूरी कर ली है।इसे लेकर भुवनेश्वर स्थित राजीव भवन के राज्य आपातकालीन नियंत्रण कक्ष में विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) और वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने की।

बैठक में मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के आठ जिलों के संवेदनशील क्षेत्रों से कुल 48,010 लोगों की पहचान की गई है। इन लोगों को  466 आश्रय स्थल में  स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रशासन को सभी आश्रय स्थलों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नवरंगपुर में 11,270 लोगों की पहचान 

जिला स्तर पर तैयारियों के तहत नवरंगपुर में 11,270 लोगों की पहचान की गई है, इन्हें 134 आश्रय स्थल में  स्थानांतरित किया गया है। इसी तरह से गजपति में 11,000 लोगों को 175, मालकानगिरि में 9,850 लोगों को 35, गंजाम में 6,500 लोगों को 37, कोरापुट में 5,000 लोगों को 47, कालाहांडी में 2,415 लोगों को 14, नुआपड़ा में 1,675 लोगों को 17 और रायगड़ा में 300 लोगों को सात आश्रय स्थल में स्थानांतरित किया गया है।

आपदा प्रबंधन बलों की तैनाती

संभावित आपदा से निपटने के लिए विभिन्न जिलों में ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओड्राफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अग्निशमन दलों को तैनात किया गया है। गंजाम में नौ ओड्राफ, दो एनडीआरएफ और 24 अग्निशमन दल तैनात हैं। 

WhatsApp Image 2026-10-27 at 6.17.23 PM

गजपति में छह ओड्राफ, एक एनडीआरएफ और आठ अग्निशमन दल लगाए गए हैं। रायगड़ा में तीन ओड्राफ, एक एनडीआरएफ और 11 अग्निशमन दल, जबकि कोरापुट में तीन ओड्राफ, एक एनडीआरएफ और 14 अग्निशमन दल कार्यरत हैं।

नुआपड़ा और कालाहांडी में भी अग्निशमन दल तैनात

इसी तरह मालकानगिरि में तीन ओड्राफ, एक एनडीआरएफ और नौ अग्निशमन दल तथा नवरंगपुर में तीन ओड्राफ और 12 अग्निशमन दल तैनात किए गए हैं। नुआपड़ा और कालाहांडी में भी अग्निशमन दलों को तैनात किया गया है।

आठ जिलों को 19 करोड़ रुपये की सहायता राशि

राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि संभावित रूप से अधिक प्रभावित होने वाले आठ जिलों को 19 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को सभी आश्रय स्थलों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।

राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि चक्रवात के दौरान सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें- Odisha Cyclone: चक्रवात 'अर्नव' को लेकर ओडिशा में हाई अलर्ट, बचाव कार्य के लिए 294 टीमें तैनात