विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रथयात्रा में ठगों की सेंध: ओडिशा पुलिस का बड़ा एक्शन, 8 फर्जी होटल वेबसाइट्स को किया ब्लॉक

By Agency Edited By: Rajat Mourya
Published: Tue, 21 Jul 2026 04:18 PM (GMT+05:30)

ओडिशा पुलिस ने पुरी रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ठगने वाली आठ फर्जी होटल वेबसाइट्स को बंद कर दिया है। ...और पढ़ें

ओडिशा पुलिस का बड़ा एक्शन, 8 फर्जी होटल वेबसाइट्स को किया ब्लॉक (AI Generated Image)

ओडिशा पुलिस का बड़ा एक्शन, 8 फर्जी होटल वेबसाइट्स को किया ब्लॉक (AI Generated Image)

HighLights

  1. ओडिशा पुलिस ने 8 फर्जी होटल वेबसाइट्स को बंद किया।

  2. रथयात्रा में श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी से बचाया गया।

  3. पुलिस ने साइबर सुरक्षा अभियान चलाकर भक्तों को जागरूक किया।

एजेंसी, पुरी। पुरी में रथयात्रा के दौरान दर्शनार्थियों को अपना शिकार बनाने वाली कम से कम आठ फर्जी होटल वेबसाइट्स को ओडिशा पुलिस ने बंद कर दिया है। ओडिशा पुलिस ने मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा की।

ओडिशा क्राइम ब्रांच की ओर से चलाए जा रहे एक विशेष साइबर सुरक्षा अभियान के तहत श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे ऑनलाइन ठगी से बचें और केवल आधिकारिक व प्रामाणिक माध्यमों से ही होटलों की बुकिंग करें।

क्राइम ब्रांच ने अपने बयान में कहा कि 20 जुलाई को ऐसी 8 फर्जी होटल वेबसाइट्स को हटा दिया गया है। हम सभी भक्तों से अनुरोध करते हैं कि वे पूरी तरह सतर्क रहें, साइबर सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करें और एक सुरक्षित तथा साइबर-जागरूक 'रथयात्रा-2026' सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करें।

पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान

पुलिस ने बताया कि इस अभियान के हिस्से के रूप में एक विशेष टीम लगातार काम कर रही है। यह टीम रथरात्रा के दौरान सामने आने वाले साइबर खतरों के बारे में विभिन्न लोगों को जागरूक कर रही है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीम पुरी के प्रमुख होटलों का दौरा कर रही है और वहां के प्रबंधन को उन फर्जी बुकिंग घोटालों के प्रति सचेत कर रही है जो खास तौर पर रथयात्रा के दौरान पर्यटकों को निशाना बनाते हैं।

इसके अलावा, टीम द्वारा होटलों की आधिकारिक वेबसाइट्स की भी जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की तकनीकी खामी को समय रहते ठीक किया जा सके।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इस अभियान के तहत पुलिस टीम ने अब तक 1,460 से अधिक पर्यटकों और श्रद्धालुओं से सीधा संवाद किया है। उन्हें विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के पैम्फलेट भी बांटे गए हैं।

लाखों की संख्या में उमड़ते हैं श्रद्धालु:

पुरी की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। इस वर्ष 16 जुलाई से शुरू हुआ यह महाउत्सव 27 जुलाई को 'नीलाद्रि बिजे' तक चलेगा। 'नीलाद्रि बिजे' वह अंतिम रस्म है जब भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहन गुंडिचा मंदिर से वापस अपने मुख्य श्रीमंदिर में प्रवेश करते हैं।

यह भी पढ़ें- पुरी रथयात्रा में झमाझम बारिश: छाते और रेनकोट की भारी मांग, कुछ ही घंटों में हुआ 5 करोड़ का कारोबार