Odisha: महिला शक्ति पर केंद्रित रहा 'मन की बात' कार्यक्रम, पीएम नरेंद्र मोदी ने इन खास महिलाओं का किया जिक्र
Mann Ki Baat कार्यक्रम मन की बात के 99वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की महिला शक्ति सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि भारत के भविष्य में महिला शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।
भुवनेश्वर, शेषनाथ राय: मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 99वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की महिला शक्ति सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत के भविष्य में महिला शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो आज एक नए परिप्रेक्ष्य के साथ उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र की महिला वैज्ञानिक आईयूपीएसी से ''रसायन विज्ञान'' और ''केमिकल इंजीनियरिंग'' के क्षेत्र में एक विशेष पुरस्कार जीता है। यह देश के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में महिला वैज्ञानिक ज्योतिर्मयी मोहंती की उपलब्धियों का जिक्र किया।
निर्माता गुनीत मोंगा और निर्देशक कार्तिकी गोंसाल बेस ने डॉक्यूमेंट्री फिल्म ''द एलिफेंट व्हिस्पर्स'' के लिए ऑस्कर जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल की शुरुआत में भारत की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था।
नगालैंड में 75 साल में पहली बार दो महिला विधायक चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। भारत ने संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में भी केवल महिला प्लाटून को तैनात किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में शक्ति का प्रदर्शन कर रही हैं।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में ''वंदे भारत ट्रेन'' का संचालन करने वाली एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव और सियाचिन में तैनात पहली महिला अधिकारी कैप्टन शिवा चौहान का भी जिक्र किया।