विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में पंचायत और नगर निकाय चुनाव-2027 की तैयारी तेज, 26 अक्टूबर से शुरू होगा घर-घर सर्वे

Published: Tue, 06 Oct 2026 07:24 PM (IST)

राज्य निर्वाचन आयोग ने ओडिशा में 2027 के पंचायत और नगर निकाय चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

ओडिशा में पंचायत और नगर निकाय चुनाव-2027 की तैयारी तेज, 26 अक्टूबर से शुरू होगा घर-घर सर्वे

ओडिशा में पंचायत और नगर निकाय चुनाव-2027 की तैयारी तेज, 26 अक्टूबर से शुरू होगा घर-घर सर्वे

HighLights

  1. 2027 पंचायत और नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज।

  2. 26 अक्टूबर से घर-घर मतदाता सर्वेक्षण अभियान शुरू होगा।

  3. राजनीतिक दलों से बूथ स्तरीय एजेंट नियुक्त करने का आग्रह।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राज्य में आगामी पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव-2027 के लिए स्वच्छ, निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मधुसूदन पाढ़ी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार करने संबंधी अपने सुझाव एवं विचार रखे।

बैठक में राजनीतिक दलों को अवगत कराया गया कि 26 अक्टूबर से राज्यभर में घर-घर सर्वेक्षण अभियान शुरू किया जाएगा। इस सर्वे के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जाएगा। इसके तहत योग्य मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे तथा अयोग्य, स्थानांतरित या मृत मतदाताओं के विवरण का सत्यापन किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से इस घर-घर सर्वेक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने का अनुरोध किया है। विशेष रूप से प्रत्येक राजनीतिक दल से कहा गया है कि वे अपने बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) को सभी मतदान केंद्रों पर नियुक्त करें तथा सर्वेक्षण के दौरान उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया है कि वे 15 अक्टूबर तक अपने बीएलए की जानकारी संबंधित सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) को उपलब्ध कराएं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह जानकारी संबंधित बीडीओ को, जबकि शहरी क्षेत्रों के एनएसी और नगरपालिकाओं में कार्यपालक अधिकारियों तथा नगर निगम क्षेत्रों में उप आयुक्त अथवा सहायक आयुक्त को सौंपी जानी है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मधुसूदन पाढ़ी ने कहा कि सटीक और त्रुटिरहित मतदाता सूची किसी भी स्वस्थ एवं पारदर्शी चुनाव व्यवस्था की आधारशिला होती है। इसलिए मतदाता सूची तैयार करने की प्रत्येक प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सभी पक्षों की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि राजनीतिक दलों के सहयोग से मतदाता सूची को और अधिक विश्वसनीय एवं त्रुटिमुक्त बनाया जा सकेगा।

बैठक में घर-घर सर्वेक्षण के दौरान मतदाताओं के सहयोग, सर्वे दलों द्वारा सूचना संग्रह, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन जैसी प्रक्रियाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आयोग ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो, इसके लिए सभी सतर्क एवं सहयोगात्मक भूमिका निभाएं।

बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची तैयार करने संबंधी विभिन्न सुझाव दिए और घर-घर सर्वेक्षण में आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

आयोग ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची तैयार करने की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाएगी। आयोग का लक्ष्य सभी राजनीतिक दलों, प्रशासन और आम मतदाताओं के सहयोग से स्वच्छ, सटीक, समावेशी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है।

बैठक में आयोग के सचिव संतोष कुमार दास, उप सचिव दुर्गा चरण मुर्मू तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।