ओडिशा में आसमानी बिजली का कहर: खेत में धान रोप रही 2 महिला मजदूरों की मौत, 20 से ज्यादा घायल
ओडिशा के सुंदरगढ़ में धान रोपाई कर रहीं दो महिला मजदूरों की वज्रपात से मौके पर ही मौत हो गई, ...और पढ़ें

ओडिशा में आसमानी बिजली का कहर (AI Generated Image)
HighLights
सुंदरगढ़ में धान रोपाई के दौरान वज्रपात
दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत
बीस से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल
जागरण संवाददाता, राउरकेला। ओडिशा में इन दिनों खरीफ फसल की बुवाई और धान रोपाई का काम जोरों पर चल रहा है। किसान और कृषि मजदूर दिन-रात खेतों में मेहनत कर रहे हैं। इसी बीच सुंदरगढ़ जिले के तलसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालिशंकरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
यहां खेत में धान की रोपाई कर रहे कृषि मजदूरों पर आकाशीय बिजली (वज्रपात) ने भयानक कहर बरपाया है। इस प्राकृतिक आपदा में दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के बारडीही तुमला निवासी चंपा तिर्की और सुशीला तिर्की अन्य महिला व पुरुष मजदूरों के साथ बालिशंकरा क्षेत्र के बाटीपाड़ा स्थित एक खेत में धान रोपने का काम कर रही थीं।
दोपहर के समय अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज गरज व बारिश के साथ कड़कड़ाती हुई आकाशीय बिजली सीधे उसी खेत में आ गिरी।
बिजली का यह तांडव इतना भयानक था कि चंपा तिर्की और सुशीला तिर्की ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके आसपास काम कर रहे 20 अन्य मजदूर भी इस वज्रपात की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायल मजदूरों का आनन-फानन में रेस्क्यू किया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए सुंदरगढ़ जिला मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका सघन उपचार कर रही है।
रोजी-रोटी कमाने के लिए खेत में पसीना बहा रही इन गरीब महिलाओं के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही फैली, पूरे बालिशंकरा और आसपास के क्षेत्रों में मातम पसर गया। इस हृदयविदारक घटना से स्थानीय लोगों में गहरी शोक की लहर दौड़ गई है।
