विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अपने घर को बनाएं होटल और पाएं 30% सब्सिडी, गुदगुदा और भीममंडली में ओडिशा सरकार की Homestay Scheme शुरू

Published: Sat, 12 Sep 2026 04:20 PM (IST)

राज्य सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने और ठहरने की समस्या दूर करने के लिए गुदगुदा जलप्रपात और भीममंडली में ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी। फाइल फोटो

मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी। फाइल फोटो

HighLights

  1. गुदगुदा और भीममंडली में होम-स्टे योजना का शुभारंभ।

  2. स्थानीय निवासियों को घर को होटल बनाने पर 30% सब्सिडी।

  3. पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर।

संवाद सूत्र, बामडा। राज्य सरकार ने पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की संख्या बढ़ाने और उनके ठहरने की समस्या को दूर करने के लिए अहम कदम उठाया है। इसी कड़ी में कुचिंडा अनुमंडल के प्रसिद्ध गुदगुदा जलप्रपात और नाकटीदेउल ब्लॉक के ऐतिहासिक स्थल भीममंडली में होम-स्टे व्यवस्था शुरू की जा रही है।

इस योजना के तहत स्थानीय निवासी अपने घरों को होटल की तर्ज पर विकसित कर सकेंगे, जिसके लिए सरकार उन्हें 30 प्रतिशत तक की सब्सिडी प्रदान करेगी। योजना के तहत मकान मालिक अपने घर में न्यूनतम दो और अधिकतम छह कमरों को पर्यटकों के ठहरने के अनुकूल तैयार कर सकेंगे।

इससे जहां पर्यटकों को रात में रुकने की सुरक्षित और आरामदायक सुविधा मिलेगी, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार का नया साधन भी प्राप्त होगा। सहायक पर्यटन निदेशक रवींद्र दलई के अनुसार, गुदगुदा के आसपास 10 और भीममंडली के समीप तीन पंचायतों के 17 मकान मालिकों ने योजना में रुचि दिखाते हुए आवेदन किया है।

विभागीय निरीक्षण के बाद योग्य पाए जाने वाले आवेदकों को सब्सिडी दी जाएगी। वर्तमान में गुदगुदा आने वाले पर्यटकों को रात में ठहरने के लिए वापस कुचिंडा लौटना पड़ता है। सरकार यहां प्रवेश द्वार और कपड़े बदलने के कक्ष जैसी सुविधाएं पहले ही बना चुकी है।

अब आगे के विकास कार्यों की विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश बामड़ा डीएफओ को दिया गया है। वहीं, लांडीमाल आरक्षित जंगल में स्थित भीममंडली अपनी 10 हजार वर्ष से अधिक पुरानी गुफाओं और शिलालेखों के लिए प्रसिद्ध है।

यहां सड़क निर्माण, पार्किंग और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार ने 9 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके विकास कार्यों की डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी रेंढ़ाखोल डीएफओ को सौंपी गई है। मूलभूत सुविधाओं और होम-स्टे के विस्तार से इन दोनों क्षेत्रों में पर्यटन को नई गति मिलने की पूरी उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में मिले ओरंगुटान शावकों की ₹5 करोड़ में डील, काली थार से गहराया वन्यजीव तस्करी का रहस्य