ओडिशा में विजिलेंस का शिकंजा: 1 लाख रुपये की घूस लेते रंगे हाथों पकड़ी गई डिप्टी रेंजर मौसमी बेहेरा
ओडिशा सतर्कता विभाग ने भुवनेश्वर के सिटी फॉरेस्ट डिवीजन की डिप्टी रेंजर मौसमी बेहेरा को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

रिश्वत लेकर रंगे हाथ विजिलेंस विभाग के हत्थे चढ़ने वाली महिला रेंजर।
HighLights
डिप्टी रेंजर मौसमी बेहेरा एक लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार।
पौधरोपण बिल जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत।
आय से अधिक संपत्ति की जांच हेतु तलाशी जारी।
संवाद सहयोगी, कटक। ओडिशा सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने भुवनेश्वर के सिटी फॉरेस्ट डिवीजन के अंतर्गत फुलनखरा रेंज की डिप्टी रेंजर मौसमी बेहेरा को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। गुरुवार को विजिलेंस टीम ने उन्हें उसी रेंज के एक कर्मचारी से रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
आरोपी के कब्जे से रिश्वत के पूरे एक लाख रुपये बरामद कर जब्त कर लिए गए हैं। विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, फुलनखरा रेंज में जुलाई से सितंबर 2026 के बीच तीन पौधरोपण स्थलों के रखरखाव से संबंधित बिल जारी करने के बदले डिप्टी रेंजर ने संबंधित कर्मचारी से एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
इन स्थलों पर पौधों की देखरेख, सुरक्षा, सिंचाई और खाद डालने जैसी गतिविधियों के लिए बिल जारी किया जाना था।
आरोप है कि डिप्टी रेंजर ने रिश्वत की मांग पूरी नहीं होने पर आगामी महीनों का बिल भी जारी नहीं करने की धमकी दी थी।
रिश्वत की रकम देने में असमर्थ कर्मचारी ने इसकी शिकायत विजिलेंस अधिकारियों से की। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और डिप्टी रेंजर को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
दो ठिकानों पर एक साथ तलाशी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी डिप्टी रेंजर की आय से अधिक संपत्ति (डीए) के पहलू से जांच के लिए उनसे जुड़े दो ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इस मामले में विजिलेंस सेल थाना में केस संख्या 09, दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच जारी है।विजिलेंस विभाग की ओर से विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी किए जाने की बात कही गई है।
