विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Odisha Cyclone Alert: चक्रवात से निपटने के लिए TPSODL पूरी तरह तैयार, 24 घंटे काम करेगा आपातकालीन नियंत्रण कक्ष

By Sheshnath RaiEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Sun, 25 Oct 2026 08:19 PM (IST)

बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवात 'अर्णब' के खतरे को देखते हुए TPSODL ने दक्षिण ओडिशा में बिजली आपूर्ति बहाल ...और पढ़ें

कंपनी ने हजारों कर्मचारियों को तैनात किया है, आपातकालीन उपकरण और सामग्री का भंडार तैयार किया है।

कंपनी ने हजारों कर्मचारियों को तैनात किया है, आपातकालीन उपकरण और सामग्री का भंडार तैयार किया है।

HighLights

  1. हजारों कर्मचारी और आपातकालीन उपकरण तैनात किए गए।

  2. बिजली बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

  3. 24 घंटे आपातकालीन नियंत्रण केंद्र सक्रिय रहेगा।

जागरण संवाददाता, बरहमपुर । बंगाल की खाड़ी में लगातार विकसित हो रही मौसमी परिस्थितियों और दक्षिण ओडिशा पर संभावित चक्रवात 'अर्णब' के खतरे को देखते हुए बिजली वितरण कंपनी टीपी सदर्न ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (TPSODL) ने अपनी तैयारियां बेहद मजबूत कर ली हैं। 
 
चक्रवात के दौरान बिजली के बुनियादी ढांचे को सुरक्षित रखने और आपदा के बाद बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के लिए कंपनी ने मैदान में कुल 6,474 कर्मचारियों को तैनात किया है। 
 
इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 800 परियोजना कर्मचारियों और जरूरत पड़ने पर तुरंत काम पर लगाए जाने वाले 400 अतिरिक्त कर्मियों को भी पूरी तरह तैयार रखा गया है।
 

अस्थायी गोदाम और आधुनिक उपकरणों का भंडार 

कंपनी के अनुसार, आपातकालीन कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए छह मोबाइल बिजली वितरण सबस्टेशन और 358 वाहन तैयार स्थिति में रखे गए हैं। 
 
बिजली आपूर्ति को सुचारू करने के लिए 32 पावर ट्रांसफार्मर और 862 वितरण ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही, 2,814 किलोमीटर बिजली तार, 516 किलोमीटर एलटी लाइन के तार और 95 किलोमीटर एचटी केबल का मजबूत भंडार भी तैयार रखा गया है।
 

7,355 अतिरिक्त खंभों की तुरंत व्यवस्था की जा सकेगी 

मैदान में निर्बाध बहाली कार्य के लिए 10,660 बिजली के खंभे उपलब्ध हैं, जबकि आवश्यकता पड़ने पर आपूर्तिकर्ताओं के माध्यम से 7,355 अतिरिक्त खंभों की तुरंत व्यवस्था की जा सकेगी। 
 
साथ ही 8,009 वी-आकार के क्रॉस आर्म, 22,505 विद्युतरोधी उपकरण, पेड़ों की डालियां काटने वाली 696 मशीनें, 25 आस्का लाइट और 19 डीजल जनरेटर भी तैनात किए गए हैं। 
 
सामग्री की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 16 अस्थायी गोदाम और 5 मुख्य गोदाम बनाए गए हैं। बरहमपुर के आम्बागढ़ स्थित केंद्रीय आपातकालीन नियंत्रण केंद्र चौबीसों घंटे बिजली व्यवस्था की लाइव निगरानी करेगा।
 

चौबीसों घंटे निगरानी और डिजिटल समन्वय 

स्वचालित प्रणाली के जरिए 261 प्राथमिक सबस्टेशनों में से 254 की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, जयपुर, रायगड़ा और भंजनगर के क्षेत्रीय नियंत्रण केंद्र स्थानीय स्तर पर समन्वय करेंगे। 
 
उपभोक्ताओं को समय पर सूचना देने के लिए एसएमएस, वॉयस मैसेज और सोशल मीडिया का उपयोग किया जाएगा।
 

बुनियादी ढांचे की रक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता

टीपीएसओडीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित कुमार गर्ग ने कहा कि उपभोक्ताओं और कर्मचारियों की सुरक्षा तथा बुनियादी ढांचे की रक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 
 
उन्होंने लोगों से सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील की है।
 

आपातकालीन संपर्क नंबर 

बिजली से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति में उपभोक्ता कंपनी के टोल-फ्री नंबर 1912 और 1800-2026 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मिस्ड कॉल के जरिए शिकायत दर्ज कराने के लिए 9777774699 नंबर भी उपलब्ध है।
 
कंपनी ने नागरिकों से टूटे या लटकते तारों से दूर रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली उपकरणों को न छूने, और तेज हवा व आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने का विशेष आग्रह किया है।