विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में PMAY-U के तहत घर लेना हुआ सस्ता, रजिस्ट्रेशन फीस 1% से भी कम करने की तैयारी

Published: Sat, 20 Jun 2026 08:58 AM (IST)

ओडिशा सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने 60 वर्गमीटर तक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. ओडिशा सरकार ने पीएम आवास योजना लाभार्थियों को राहत दी।

  2. 60 वर्गमीटर तक के आवासों पर पंजीकरण शुल्क कम होगा।

  3. स्टांप शुल्क और रजिस्ट्रेशन फीस एक प्रतिशत से कम।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत घर पाने वाले लाभार्थियों को ओडिशा सरकार बड़ी राहत देने जा रही है। राज्य सरकार ने योजना के अंतर्गत 60 वर्गमीटर तक के आवासों के पंजीकरण पर लगने वाले स्टांप शुल्क और रजिस्ट्रेशन फीस को घटाकर कुल देय राशि एक प्रतिशत से कम करने की पहल की है।

इस संबंध में आवास एवं शहरी विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाढ़ी ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक अधिसूचना और आदेश जारी करने का अनुरोध किया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल की 41वीं बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है।

सरकार का मानना है कि इस फैसले से प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लाभार्थियों को मकान के पंजीकरण के समय बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।

वर्तमान में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में आने वाला अतिरिक्त खर्च कई परिवारों के लिए बोझ बन जाता है। शुल्क में कमी से गरीब और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए घर का मालिकाना हक हासिल करना आसान होगा।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से शहरी क्षेत्रों में किफायती आवास योजनाओं के क्रियान्वयन को भी गति मिलेगी। साथ ही अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

आवास एवं शहरी विकास विभाग ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव से संबंधित जानकारी भेजने के लिए जल्द अधिसूचना जारी करने का आग्रह किया है। अधिसूचना जारी होने के बाद नई व्यवस्था लागू हो जाएगी, जिससे हजारों लाभार्थियों को सीधे तौर पर फायदा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में 2 युवकों की कराई गई शादी, इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए निभाई गई सदियों पुरानी रस्म

यह भी पढ़ें- ओडिशा में रफ्तार पकड़ेगी ट्रेनें, राष्ट्रपति मुर्मू ₹732 करोड़ की रेल परियोजनाओं की देंगी सौगात