समृद्ध ओडिशा की ओर कदम: 14 जिलों में शुरू हुईं 46 बड़ी औद्योगिक परियोजनाएं, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 14 जिलों में 39,383 करोड़ रुपये की 46 औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन किया। ...और पढ़ें

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 46 मध्यम और बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
HighLights
इनमें 39,383 करोड़ रुपये का निवेश और 42,512 रोजगार।
ओडिशा की अर्थव्यवस्था को 500 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य।
जासं, भुवनेश्वर। ओडिशा में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के उद्देश्य से जाजपुर जिले के कलिंगनगर में भव्य औद्योगिक समारोह का आयोजन किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के 14 जिलों में कुल 39,383 करोड़ रुपये के निवेश वाली 46 मध्यम और बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से राज्य के लगभग 42,512 युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
ये औद्योगिक इकाइयां अनुगुल, बरगढ़, बालेश्वर, बौद्ध, कटक, ढेंकानाल, जाजपुर, जगतसिंहपुर, केन्दुझर, खुर्दा, मयूरभंज, पुरी, संबलपुर और सुंदरगढ़ जिलों में स्थापित की जा रही हैं।
औद्योगिक क्रांति का स्वर्णिम अध्याय
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि आज से ओडिशा की दूसरी औद्योगिक क्रांति के स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल कागजी समझौतों (एमओयू) तक सीमित न रहकर परियोजनाओं को धरातल पर उतार रही है, ताकि कारखानों के निर्माण के साथ युवाओं को रोजगार मिल सके।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'पूर्वोदय' परिकल्पना का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने आगामी 10 वर्षों में ओडिशा की अर्थव्यवस्था को 500 अरब अमेरिकी डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य का औद्योगिक विकास किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। इसी नीति के तहत केन्दुझर व सुंदरगढ़ में इस्पात, अंगुल व ढेंकानाल में नवीकरणीय ऊर्जा, खुर्दा में खाद्य प्रसंस्करण तथा पुरी, कटक व मयूरभंज जैसे जिलों में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है।
साढ़े तीन लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दो वर्ष से भी कम समय में राज्य में 151 औद्योगिक परियोजनाओं की नींव रखी गई या उद्घाटन किया गया है। इनके जरिए 3.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है और 2.40 लाख से ज्यादा रोजगार सृजित हुए हैं।
बुधवार को शुरू हुई नई परियोजनाओं को मिलाकर अब तक राज्य में 3.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं शुरू हो चुकी हैं।
इस अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल के कई मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक और जेएसएल लिमिटेड व इम्फा जैसी प्रमुख कंपनियों के उद्योगपति तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
