ओडिशा के विकास के लिए केंद्र सरकार के साथ रखेंगे रचनात्मक संबंधः नवीन पटनायक
Naveen Patnaik. सीएम नवीन पटनायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर पूरे देश के साथ ओडिशा में भी थी।
जासं, भुवनेश्वर। ओडिशा में रिकार्ड 5वीं बार सत्ता हासिल करने के बाद बीजू जनता दल के सुप्रीमो तथा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि राज्य की जनता नियमित बीजद पर भरोसा बनाए हुए है। इसके लिए मैं राज्य के लोगों के प्रति आभारी हूं। इसके साथ बीजद के नेता एवं कार्यकर्ताओं के साथ महिलाओं को भी मुख्यमंत्री ने धन्यवाद दिया है। मुख्यमंत्री ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर पूरे देश के साथ ओडिशा में भी थी। यही कारण है कि 2014 में बीजद को जो 20 सीट मिली थी, वह इस बार लोकसभा में कुछ सीटें कम आई हैं। इसके साथ ही एनडीए सरकार में शामिल होने के सवाल को मुख्यमंत्री ने टाल दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ राज्य के विकास के लिए रचनात्मक संबंध रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि बीजू जनता दल ने ओडिशा विधानसभा में 2014 की ही तरह अपना दमदार प्रर्शन 2019 में भी जारी रखा है, मगर लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी से उसे कड़ी टक्कर मिली है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप