खाद्य उत्पादन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा पुरस्कृत
कृषि के क्षेत्र में ओडिशा को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : कृषि के क्षेत्र में ओडिशा को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया है। वित्त वर्ष 2016-17 में समूह खाद्य से उत्पादन के क्षेत्र में ओडिशा को यह प्रशंसा पत्र मिला है। बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के कृषि एवं किसान सशक्तीकरण मंत्री अरुण कुमार साहू को ट्रॉफी के साथ एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा कृषि उत्पादन कमिश्नर प्रदीप्त कुमार महापात्र एवं कृषि तथा खाद्य उत्पादन निदेशक एम मुथू कुमार उपस्थित थे।
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कृषि मंत्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हमेशा कृषि एवं किसानों के विकास पर ध्यान दे रहे हैं। प्रदेश में कृषि के लिए विशेष बजट बनाया गया है। नये साल में नई कृषि नीति 'समृद्ध-2020' को लागू किया गया है। इसमें बाजार के साथ जोड़ने, अधिक सस्य से उत्पादन करने, कृषि का विकास, किसानों की आय वृद्धि के लिए विज्ञान एवं तकनीकी के प्रयोग पर बल दिया जा रहा है आगामी दिनों में ओडिशा का समूह खाद्य सस्य उत्पादन के क्षेत्र में और बेहतर योगदान होगा।