ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 नवंबर से: 31 दिसंबर तक चलेगा सत्र, पहले दिन आएगा अनुपूरक बजट
ओडिशा विधानसभा का आठवां शीतकालीन सत्र 18 नवंबर से 31 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें कुल 33 बैठकें होंगी। इस सत्र में 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।

बुधवार को विधानसभा सचिवालय की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा की 17वीं विधानसभा का आठवां सत्र यानी वर्ष 2026 का शीतकालीन सत्र आगामी 18 नवंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक चलेगा। इस संबंध में बुधवार को विधानसभा सचिवालय की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
अधिसूचना के अनुसार, शीतकालीन सत्र के दौरान कुल 33 दिनों तक विधानसभा की बैठकें होंगी, जिनमें 25 दिन सरकारी कामकाज के लिए निर्धारित किए गए हैं।
सत्र के दौरान 22, 24, 28 और 29 नवंबर तथा 6, 12, 13, 20, 25, 26 और 27 दिसंबर को सदन की कार्यवाही नहीं होगी। इसके अलावा 20 नवंबर तथा 4, 11, 18, 29 और 31 दिसंबर का दिन गैर-सरकारी सदस्यों के कार्यों के लिए तय किया गया है।
सत्र के पहले दिन यानी 18 नवंबर को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। इसके बाद 25, 26 और 27 नवंबर को बजट पर विस्तृत चर्चा होगी, जबकि 30 नवंबर को अनुपूरक बजट से संबंधित विनियोग विधेयक सदन में लाया जाएगा।
इस शीतकालीन सत्र में विपक्ष ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को घेरने की पुख्ता तैयारी की है। विपक्ष द्वारा कोटिया क्षेत्र में आंध्र प्रदेश की ओर से पंचायत चुनाव कराने की कोशिश, केंद्र के एमएमडीआर कानून, मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर), महानदी जल विवाद, सड़कों की बदहाल स्थिति और कमजोर नदी तटबंध जैसे गंभीर मुद्दों को जोर-शोर से उठाए जाने की संभावना है।
दूसरी ओर, सत्तारूढ़ भाजपा ने भी विपक्ष के तीखे तेवरों का मुकाबला करने की रणनीति तैयार कर ली है। भाजपा सरकार विभिन्न विधेयकों में संशोधन और चक्रवात 'अर्णब' से निपटने में सरकार की तैयारियों एवं राहत कार्यों को प्रमुखता से सदन के पटल पर रखेगी। ऐसे में, शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे के पूरे आसार हैं।
