81 वर्ष की उम्र में पीएचडी कर रहे हैं यह नेताजी, वाकई पढ़ाई की कोई उम्र नही होती
रिटायरमेंट की उम्र में पीएचडी कर रहे 81 वर्षीय पूर्व सांसद और विधायक नारायण साहू ने वर्ष 2016 में पीएचडी की पढ़ाई शुरू कर दी थी और वह एक आत्मकथा भी लिख रहे हैं।
भुवनेश्वर, एएनआइ। रिटायरमेंट की उम्र में पीएचडी कर रहे इस नेता ने साबित कर दिया है कि पढ़ाई की कोई उम्र नही होती है। जी हां, हम बात कर रहे हैं 81 वर्षीय पूर्व सांसद और विधायक नारायण साहू की, नारायण साहू दो बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके हैं। 80 वर्ष की आयु में उन्होंने फिर से पढ़ाई करने का फैसला किया और हॉस्टल में रहने लगे।
साहू ने उत्कल यूनिवर्सिटी से पीएचडी की पढ़ाई के लिए आवेदन किया और कॉलेज के ही हॉस्टल में रहने लगे गौर करने वाली बात यह है कि साहू ने 73 वर्ष की आयु में पीजी की पढ़ाई 2011 में की थी और उसके बाद 2012-13 में उन्होंने एमफिल की पढ़ाई की थी। वर्ष 2016 में उन्होंने पीएचडी की पढ़ाई शुरू कर दी थी और वह एक आत्मकथा भी लिख रहे हैं।
गौरतलब है कि साहू ओडिशा के देवगढ़ से 1980 में सांसद रह चुके हैं और पल्हारा से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने राजनीति छोडऩे के बाद एक बार फिर से पढ़ाई करने का फैसला लिया था। साहू कहते हैं कि मैंने राजनीति में काफी गलत होते हुए देखा तो मैं काफी व्यथित था, मैंने राजनीति छोड़ दी, मैंने खुद को पढ़ाई के जरिए सही करने की कोशिश की। जब विश्वविद्यालय में मेरा दाखिला हुआ तो वह मेरे जीवन का सबसे अच्छा दिन था। वर्ष 1963 में साहू ने अर्थशास्त्र से रावेशॉ विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की थी। 46 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई को जारी रखने का फैसला लिया। 2009 में उन्होंने उत्कल विश्वविद्यालय से पीजी की पढ़ाई करना शुरू कर दिया और 2011 में इसे पूरा किया। वर्ष 2012 में उन्होंने दर्शनशास्त्र विषय से एमफिल की पढ़ाई की थी।