ओडिशा में हादसा: बंद कमरे में जनरेटर चलाकर सो रहे थे 5 युवक, दम घुटने से 2 की मौत, 3 गंभीर
ओडिशा के क्योंझर जिले में लक्ष्मी पूजा के बाद बंद कमरे में जनरेटर चलाकर सोने से दो युवकों की दम ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image )
HighLights
बंद कमरे में जनरेटर से दम घुटने का हादसा।
दो युवकों की मौत, तीन गंभीर रूप से बीमार।
क्योंझर जिले के सुडुंगा गांव की घटना।
संवाद सूत्र, बड़बिल। ओडिशा के क्योंझर जिले में लक्ष्मी पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा सामने आया है। बांसपाल प्रखंड के नयाकोट थाना अंतर्गत सुडुंगा गांव में बंद कमरे में जनरेटर चालू छोड़कर सोने से दो युवकों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से बीमार हो गए।
सुबह काफी देर तक नहीं खुला दरवाजा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात पांचों युवक लक्ष्मी पूजा उत्सव के बाद एक कमरे में सोने चले गए थे। रात में बिजली या रोशनी के लिए कमरे के भीतर ही जनरेटर चालू रखा गया था और दरवाजा बंद था।
आशंका जताई जा रही है कि रातभर जनरेटर से निकले जहरीले धुएं के कारण कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो गई और युवकों का दम घुटने लगा।
गुरुवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो स्थानीय ग्रामीणों को संदेह हुआ। ग्रामीणों ने किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पांचों युवक अचेत अवस्था में पड़े मिले।
दो की मौत, तीन का इलाज जारी
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को तुरंत बांसपाल प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान ही दो युवकों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान सुडुंगा गांव निवासी राजेंद्र सांटा और नीतू सांटा के रूप में की गई है।
वहीं, गंभीर रूप से बीमार तीन अन्य युवकों- जगन्नाथ गिरी, प्रशांत देहुरी और निरदास देहुरी को बेहतर इलाज के लिए क्योंझर स्थित धरणीधर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद होगी पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही नयाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौतों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
