गृह जिले गंजाम में नवीन ने बदले कई उम्मीदवार
अपने फैसलों से विरोधियों को चकमा देने वाले राजनेता के तौर पर नवीन पटनायक का कोई सानी नहीं है।
संसू, भुवनेश्वर : अपने फैसलों से विरोधियों को चकमा देने वाले राजनेता के तौर पर नवीन पटनायक का कोई सानी नहीं है। खुद अपनी पुरानी सीट हिजिलकाटू के साथ बीजेपुर सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर पश्चिम ओडिशा में प्रभाव दिखाते विरोधियों की बोलती बंद कर दी। साथ ही अपने गृह जिले गंजाम में एक लोकसभा तथा 5 विधानसभा सीट के प्रत्याशी बदल दिए और वर्तमान के 5 विधायकों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। दो चरण में गंजाम में चुनाव होने के बावजूद जिले की 2 लोकसभा तथा 13 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया गया। ऐसा कर बीजद प्रमुख ने दिखा दिया है कि ओडिशा में अन्य राजनीतिक दल उनके आसपास भी नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मापुर सीट से 2 बार सांसद रहे सिद्धांत महापात्र के स्थान पर कांग्रेस छोड़कर आए चंद्रशेखर साहू को बीजद उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा ब्रह्मापुर से 5 बार विधायक चुने गए डॉ. च्याउ पटनायक का टिकट काटा गया है। इसी तरह 9 बार विधायक रहीं सुज्ञान देव का भी टिकट कट गया है। इनके स्थान पर कवि सूर्यनगर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद नित्यानन्द प्रधान की बेटी लतिका प्रधान को उम्मीदवार बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले में एक गृहिणी को आस्का लोकसभा सीट से मैदान में उतारकर सभी को चौंका दिया है।