पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच नवीन पटनायक का कड़ा संदेश, संगठन विरोधी गतिविधियों की पूरी खबर
आगामी पंचायत चुनाव से पहले बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने अपनी राजनीतिक कर्मभूमि हिंजिली के नेताओं को कड़ा संदेश दिया ...और पढ़ें

नवीन पटनायक (फाइल फोटो)
HighLights
नवीन पटनायक ने बीजद नेताओं को अनुशासन बनाए रखने पर कड़ा संदेश दिया।
उन्होंने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
हिंजिली के प्रतिनिधियों से आगामी पंचायत चुनाव की तैयारी तेज करने को कहा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने अपनी राजनीतिक कर्मभूमि हिंजिली के नेताओं और जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट संदेश दिया है।
उन्होंने संगठन में अनुशासन बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि कुछ लोग पार्टी में अनुशासनहीनता फैला रहे हैं, जिनकी गतिविधियों की उन्हें पूरी जानकारी है। उचित समय पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक
सूत्रों के अनुसार, नवीन पटनायक ने बुधवार को नवीन निवास में गंजाम जिले के हिंजिली विधानसभा क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव को लेकर संगठन को अभी से सक्रिय होने और जमीनी स्तर पर तैयारी तेज करने का निर्देश दिया।
नवीन ने नेताओं से कहा कि पंचायत चुनाव अब दूर नहीं हैं। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को मिलकर मेहनत करनी होगी। उन्होंने विशेष रूप से शेरगढ़ क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां कुछ लोग संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं और अनुशासनहीनता फैला रहे हैं। हालांकि उन्होंने किसी नेता या कार्यकर्ता का नाम नहीं लिया।
पार्टी के भीतर चर्चाओं का दौर शुरू
बीजद सुप्रीमो की इस टिप्पणी के बाद पार्टी के भीतर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक हलकों में यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर नवीन पटनायक ने किन लोगों की ओर इशारा किया है। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव से पहले संगठन में अनुशासन बनाए रखने और किसी भी तरह की गुटबाजी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उन्होंने यह संदेश दिया है।
बैठक में नवीन पटनायक ने कहा कि फिलहाल सभी को एकजुट होकर संगठन के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उन्हें सब कुछ पता है और समय आने पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ओडिशा में पंचायत चुनाव अगले वर्ष संभावित
ओडिशा में पंचायत चुनाव अगले वर्ष संभावित हैं। ऐसे में नवीन पटनायक का यह बयान बीजद संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा सरकार बनने के बाद पहली बार होने जा रहे पंचायत चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। ऐसे समय में बीजद अध्यक्ष का यह संदेश संगठनात्मक अनुशासन को लेकर उनकी गंभीरता को दर्शाता है।
